बेलग्रेड-मेड्रिड मैराथन में छाए केन्याई धावक - Zee News हिंदी

बेलग्रेड-मेड्रिड मैराथन में छाए केन्याई धावक

बेलग्रेड : की मेरी पिटकानी और जेम्स बारबासाई ने 25वीं बेलग्रेड अंतर्राष्ट्रीय मैराथन चैम्पियनशिप जीत ली है। इस साल के मैराथन और हॉफ मैराथन में कुल 2328 धावकों ने हिस्सा लिया। इसके साथ धावकों की संख्या के लिहाज से 2005 के 1833 धावकों का रिकार्ड टूट गया।

 

बारबासाई ने पुरुष वर्ग में दो घंटे 16 मिनट और एक सेकेंड में पहला स्थान हासिल किया जबकि उनके हमवतन हेनरी केम्बोई छह मिनट बाद फिनिश लाइन तक पहुंचे। केन्या के ही चार्ल्स रोटिक तीसरे स्थान पर रहे।

 

वहीं बेलग्रेड मैराथन में धूम मचाने के बाद केन्याई धावकों ने मेड्रिड मैराथन में भी रविवार को अपनी छाप छोड़ी। केन्याई धावकों ने पहला और दूसरा स्थान हासिल किया। पेट्रिक कोरिर ने अंतिम 400 मीटर में जोरदार दौड़ लगाते हुए खिताब के दावेदार माने जा रहे हमवतन इनॉक मितेई को पराजित किया।

कोरिर ने यह रेस दो घंटे 12 मिनट और सात सेंकेंड में जीती जबकि मितेई ने छह मिनट बाद फिनिश लाइन पार की। तीसरे स्थान पर रहे थाम्पसन चेरोगोनी ने इतने ही अंतर के साथ फिनिश लाइन छुआ। चेरोगोनी ने 2010 में पहली और बीते साल दूसरा स्थान हासिल किया था।

केन्या की मारग्रेट अगाई ने महिला वर्ग का खिताब जीता। अगाई ने दो घंटे 32 मिनट 23 सेकेंड में रेस पूरी की। मेड्रिड मैराथन के तहत 10 किलोमीटर की रेस में कुल 6000 लोगों ने हिस्सा लिया।

 

महिला वर्ग में पिटकानी ने दो घंटे 42 मिनट और 47 सेकेंड समय के साथ पहला स्थान हासिल किया जबकि तुर्की की इरसा गुलू ने दूसरा और स्लोवानिया की वांजा सुपिक ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। (एजेंसी)

First Published: Monday, April 23, 2012, 18:16

comments powered by Disqus