बोल्ट और जोकोविच से ज्यादा धनवान हैं धोनी

बोल्ट और जोकोविच से ज्यादा धनवान हैं धोनी

बोल्ट और जोकोविच से ज्यादा धनवान हैं धोनीलंदन : भारतीय क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने फोर्ब्स पत्रिका की दुनिया के 100 धनी खिलाड़ियों की सूची में ‘स्पिंट्र किंग’ उसैन बोल्ट, टेनिस स्टार नोवाक जोकोविच और साथी खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया है।

फोर्ब्स की सूची के अनुसार धोनी दुनिया के सबसे धनी खिलाड़ियों की सूची में 31वें स्थान पर हैं। वह जोकोविच (62वें), बोल्ट (62वें) और तेंदुलकर ( 78वें) से काफी आगे हैं।

स्टार फुटबालर वायने रूनी और फर्नांडो टोरेस भी इस सूची में धोनी से पीछे हैं। मुक्केबाजी चैंपियन फ्लायड मेवेदर आठ करोड़ 50 लाख डॉलर की कमाई के साथ शीर्ष पर हैं। उनके बाद मुक्केबाज मैनी पाक्वियो 6 . 2 करोड़ डॉलर और दिग्गज गोल्फर टाइगर वुड्स 5 . 94 करोड़ डॉलर का नंबर आता है।

धोनी की कुल कमाई दो करोड़ 65 लाख डॉलर है जिसमें से वह दो करोड़ 30 लाख डॉलर विज्ञापनों से कमाते हैं। तेंदुलकर की कमाई एक करोड़ 86 लाख डॉलर आंकी गई है जिसमें से उन्हें एक करोड़ 65 लाख डॉलर विज्ञापनों से मिलते हैं।

दिलचस्प तथ्य यह है कि भारतीय कप्तान की विज्ञापनों से कमाई दुनिया के सबसे लोकप्रिय फुटबाल लियोनेल मेसी से अधिक है। मेसी हालांकि कुल 3 . 9 करोड़ डॉलर की कमाई के साथ सूची में 11वें स्थान पर हैं लेकिन विज्ञापनों से उनकी कमाई केवल एक करोड़ 90 लाख डॉलर ही है जो धोनी से 40 लाख डॉलर कम है। (एजेंसी)


First Published: Tuesday, June 19, 2012, 20:13

comments powered by Disqus