भनोट बने IOA के महासचिव, चौटाला अध्यक्ष

भनोट बने IOA के महासचिव, चौटाला अध्यक्ष

भनोट बने IOA के महासचिव, चौटाला अध्यक्षनई दिल्ली : भारतीय एमेच्योर मुक्केबाजी संघ के चेयरमैन अभय सिंह चौटाला शुक्रवार को भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिए गए जबकि राष्ट्रमंडल खेल घोटालों के आरोपी ललित भनोट निर्विरोध महासचिव चुने गए।

ललित भनोट दिल्ली राष्ट्रमंडल खेल घोटालों के मामले में जेल भी जा चुके हैं और अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) के नैतिक आयोग ने कहा था कि पूर्व अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी, भनोट और वी.के. वर्मा राष्ट्रमंडल खेल घोटालों के आरोपी हैं। आयोग ने यह भी कहा था कि इन तीनों को चुनावों से दूर रहना चाहिए। कलमाड़ी ने तो खुद को चुनावों से अलग कर लिया था लेकिन उनके नजदीकी भनोट आईओए चुनावों में चौटाला गुट के समर्थन से उतर पड़े और अब निर्विरोध महासचिव भी बन गए। चौटाला के अध्यक्ष बनने का रास्ता तो उसी समय साफ हो गया था जब आईओए के महासचिव और आईओसी के सदस्य रणधीर सिंह ने अध्यक्ष पद से अपना नामांकन वापस ले लिया था।

आईओसी के शीर्ष चार पदों पर चौटाला अध्यक्ष और भनोट महासचिव के अलावा वीरेंद्र नानावटी वरिष्ठ उपाध्यक्ष और एन. रामाचंद्रन कोषाध्यक्ष पद पर निर्विरोध चुन लिए गए। आईओए चुनाव पांच दिसंबर को होने हैं। चार पदों पर निर्विरोध चयन हो चुका है। इस मामले में अभी आईओसी का पक्ष आना बाकी है। आइओए आईओसी को तमाम हालातों से अवगत कराने के लिए अपना दो सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल लुसाने भेज रहा है। (एजेंसी)

First Published: Friday, November 30, 2012, 19:29

comments powered by Disqus