Last Updated: Wednesday, October 3, 2012, 15:38

कोलंबो : भारत भले ही मौजूदा विश्व टी20 क्रिकेट चैम्पियनशिप के सेमीफाइनल में पहुंचने में विफल रहा हो लेकिन पांच मैचों में चार जीत की बदौलत महेंद्र सिंह धोनी की टीम नवीनतम ट्वेंटी-20 अंतरराष्ट्रीय टीम रैंकिंग में एक स्थान के फायदे से दूसरे स्थान पर पहुंच गई है।
आईसीसी की आज जारी विज्ञप्ति के अनुसार भारत के 120 अंक हैं और वह शीर्ष पर चल रहे श्रीलंका से नौ अंक पीछे है। भारत के बाद पाकिस्तान (118) और इंग्लैंड का नंबर आता है।
सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रहने के बाद दक्षिण अफ्रीका ने टीम रैंकिंग में शीर्ष स्थान गंवा दिया था।
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले विराट कोहली बल्लेबाजी की रैंकिंग में नौ स्थान के फायदे के साथ 10वें स्थान पर पहुंच गए हैं। दिल्ली के इस युवा बल्लेबाज पांच मैचों में 185 रन बनाए और फिलहाल वह सर्वाधिक रन बनाने वालों की सूची में चौथे स्थान पर हैं।
कैंसर से उबरने के बाद टीम में वापसी करने वाले युवराज सिंह को दो स्थान का नुकसान उठाना पड़ा है। वह 17वें स्थान पर हैं।
गेंदबाजी रैंकिंग में हरभजन सिंह शीर्ष 20 से बाहर हो गए हैं। वह छह स्थान के नुकसान से 23वें स्थान पर खिसक गए हैं। आर अश्विन 17 स्थान के फायदे से 25वें पायदान पर हैं।
आस्ट्रेलिया के शेन वाटसन अपने शानदार प्रदर्शन के बल पर आगे बढ़ने में सुफल रहे हैं। वह बल्लेबाजों की रैंकिंग में एक स्थान के फायदे से दूसरे पायदान पर हैं। वह अब तक टूर्नामेंट में सर्वाधिक 242 रन जुटा चुके हैं। वाटसन ने टूर्नामेंट में अब तक सर्वाधिक 11 विकेट भी चटकाए हैं जिससे वह गेंदबाजी की सूची में भी छठे स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्हें एक स्थान का फायदा हुआ है। गेंद और बल्ले से शानदार प्रदर्शन की बदौलत वह दुनिया के नंबर एक आलराउंडर बने हुए हैं।
न्यूजीलैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रैंडन मैकुलन बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर बरकरार हैं। वेस्टइंडीज के क्रिस गेल को हालांकि एक स्थान का नुकसान उठाना पड़ा है। वह तीसरे स्थान पर हैं। श्रीलंका के कप्तान महेला जयवर्धने तीन स्थान के फायदे से चौथे नंबर पर हैं।
श्रीलंका के तिलकरत्ने दिलशान और इंग्लैंड के इओइन मोर्गन क्रमश: तीन और चार स्थान के फायदे के साथ संयुक्त सातवें स्थान पर हैं।
गेंदबाजों की सूची में शीर्ष तीन में कोई बदलाव नहीं हुआ है। पाकिस्तान के सईद अजमल शीर्ष पर चल रहे हैं जबकि उनके बाद इंग्लैंड के ग्रीम स्वान और श्रीलंका के अजंता मेंडिस का नंबर आता है।
गेंदबाजों में दक्षिण अफ्रीका के जोहान बोथा (दो स्थान के नुकसान से पांचवें), शाहिद अफरीदी (दो स्थान के नुकसान से सातवें), डेनियल विटोरी (एक स्थान के नुकसान से 14वें), मोर्ने मोर्कल (तीन स्थान के नुकसान से 15वें) और टिम साउथी (एक स्थान के नुकसान से 17वें) की रैंकिंग में गिरावट आई है।
अलाराउंडरों की सूची में साकिब अल हसन एक स्थान के फायदे से चौथे स्थान पर हैं। क्रिस गेल दो स्थान के फायदे से पांचवें जबकि युवराज तीन स्थान के फायदे से आठवें स्थान पर हैं। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, October 3, 2012, 15:38