भारत में फार्मूला वन की बढ़ती लोकप्रियता से हैरान हैं हैमिल्टन

भारत में फार्मूला वन की बढ़ती लोकप्रियता से हैरान हैं हैमिल्टन

भारत में फार्मूला वन की बढ़ती लोकप्रियता से हैरान हैं हैमिल्टननई दिल्ली : मैकलारेन के फार्मूला वन ड्राइवर लुइस हैमिल्टन भारत में तेजी से बढ़ती फार्मूला वन की लोकप्रियता को देखकर हैरान हैं और उन्होंने कहा कि देश की क्षमता को देखते हुए यहां होने वाली रेस साल की सर्वश्रेष्ठ रेस में से एक बन सकती है।

वर्ष 2008 के फार्मूला वन चैम्पियन हैमिल्टन ने कहा, यहां फार्मूला वन के बढ़ते कदमों को देखकर मैं हैरान हूं। कुछ ही वषरें में फार्मूला वन ड्राइवर (नरेन कार्तिकेयन) से टीम और फिर ग्रां प्री का सफर तय करना देश की क्षमता को दर्शाता है। उन्होंने कहा, मैं कुछ ही वषरें में भारत में फार्मूला वन के विकास और इसकी बढ़ती लोकप्रियता को देखकर हैरान हूं। भारत आगामी वर्षों में फार्मूला वन कैलेंडर में बड़ा केंद्र बनने वाला है। भारत के चमकीले रंगों से प्रेरित हैमिल्टन इंडियन ग्रां प्री के दौरान विशेष रूप से डिजाइन किया गया हैल्मेट पहनेंगे।

हैमिल्टन ने कहा, साल की कुछ रेसों में मैं अपने हैल्मेट के डिजाइन के साथ खेलने की कोशिश करता हूं। फिर यह चाहे सत्र की पहली रेस हो या मोनाको, सिल्वरस्टोन या सत्र की अंतिम ब्राजील ग्रां प्री। इंडियन ग्रां प्री मेरे लिए बहुत विशेष है और इसलिए मैंने इसके लिए विशेष हैल्मेट डिजाइन किया है।

हैमिल्टन ने कहा, इसमें ‘होली’ का प्रभाव दिया गया है। इसमें भारत के सुंदर और रंगीन त्योहार की तरह अलग अलग रंग हैं। इसमें हिन्दी में विशेष संदेश भी लिखा गया है जिसका मतलब है अपने आप पर भरोसा रखो और कुछ भी संभव है। हैमिल्टन का मानना है कि नरेन कार्तिकेयन का फोर्स इंडिया से जुड़ना काफी फायदेमंद हो सकता है क्योंकि वह फिलहाल एचआरटी में धीमी कार चला रहा है। ब्रिटेन के इस ड्राइवर ने कहा कि कार्तिकेयन को अब तक प्रतिस्पर्धी कार चलाने का मौका नहीं मिला है इसलिए वह अच्छे नतीजे हासिल नहीं कर पाए हैं।

उन्होंने कहा, सभी ड्राइवरों को तेज कारें नहीं मिलती। लेकिन अगर कार्तिकेयन को फोर्स इंडिया की ओर से रेस करने का मौका मिलता है जैसे कि मैं ब्रिटेन की टीम के लिए करता हूं तो यह चमत्कार कर सकता है और ड्रावइर तथा कार दोनों को फायदा हो सकता है। (एजेंसी)

First Published: Saturday, October 27, 2012, 13:19

comments powered by Disqus