Last Updated: Sunday, May 6, 2012, 05:49
मुंबई : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पांचवें संस्करण के अंतर्गत रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए 49वें लीग मुकाबले में मुम्बई इंडियंस ने चेन्नई सुपरकिंग्स को दो विकेट से हरा दिया। मुकाबला इतना रोमांचक था, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मुम्बई ने आखिरी गेंद पर जीत का चौका दागा। सुपरकिंग्स द्वारा जीत के लिए रखे गए 174 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुम्बई टीम निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया।
मुम्बई की शुरुआत अच्छी नहीं रही और सचिन तेंदुलकर के साथ पारी की शुरुआत करने आए हरफनमौला जेम्स फ्रेंकलिन आठ रन के कुल योग पर पवेलियन लौट गए। फ्रेंकलिन को बेन हिल्फेनहास ने एक रन के निजी योग पर मुरली विजय के हाथों लपकवाया। पहला विकेट जल्दी गिर जाने के बाद तेंदुलकर (74) ने रोहित शर्मा (60) के साथ मिलकर पारी को सम्भाला और दूसरे विकेट के लिए 126 रनों की साझेदारी की।
तेंदुलकर को रविचंद्रन अश्विन की गेंद पर फाफ ड्यू प्लेसिस ने शानदार कैच लपका। उन्होंने 44 गेंदों पर 11 चौके और एक छक्का लगाया। दिनेश कार्तिक कुछ खास नहीं कर सके और 11 रन के निजी योग पर वह ड्वेन ब्रावो की गेंद पर बोल्ड हो गए। अम्बाती रायडू को रवींद्र जडेजा ने बोल्ड किया। रायडू अपना खाता भी नहीं खोल सके। रोहित को जडेजा ने बोल्ड किया। उन्होंने 46 गेंदों पर छह चौके और दो छक्के लगाए। रॉबिन पीटरसन खाता खोले बगैर रनआउट हुए। हरभजन और लसिथ मलिंगा शून्य के निजी स्कोर पर आउट हुए। ब्रावो ने हरभजन को और हिल्फेनहास ने मलिंगा को अपना शिकार बनाया।
हरफनमौला ड्वेन स्मिथ नौ गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 24 रन और रुद्रप्रताप सिह एक रन पर नाबाद लौटे। सुपरकिंग्स की ओर से जडेजा, ब्रावो और हिल्फेनहास ने दो-दो जबकि अश्विन ने एक विकेट झटका।
इससे पहले प्रमुख बल्लेबाजों के उपयोगी योगदान से चेन्नई सुपरकिंग्स ने मुंबई इंडियन्स के खिलाफ 8 विकेट पर 173 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। सलामी बल्लेबाज मुरली विजय (29 गेंद पर 41) ने चेन्नई को तूफानी शुरुआत दिलाई जबकि सुरेश रैना (21 गेंद पर 36) और ड्वेन ब्रावो (33 गेंद पर 40) ने तीसरे विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी की।
कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 15 गेंद पर 25 रन बनाए लेकिन अंतिम पांच विकेट 14 गेंद और 15 रन के अंदर गंवाने से चेन्नई 200 रन के करीब नहीं पहुंच पाया। मुंबई की तरफ से लसित मालिंगा और आरपी सिंह ने तीन-तीन विकेट लिए। विजय ने मैच की पहली गेंद पर ही चौका जड़कर खाता खोला लेकिन उनका असली जलवा तो पांचवें ओवर में देखने को मिला।
चेन्नई ने टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए पहले चार ओवर में 22 रन बनाए थे। हरभजन सिंह ने शुरू में चार गेंदबाज आजमाने के बाद मुनाफ पटेल को दोबारा गेंद सौंपी लेकिन विजय ने उनकी बीच की चार गेंदों पर तीन छक्के और एक चौका जड़कर इस ओवर में 24 रन बटोर दिये। मुनाफ के पहले ओवर में फाफ डु प्लेसिस (11 गेंद पर 9 रन) को आरपी सिंह ने जीवनदान दिया था लेकिन विजय के साथ गफलत के कारण रन आउट होने से वह इसका फायदा नहीं उठा पाए। विजय भी अगले ओवर में आरपी सिंह की कोण लेती गेंद को नहीं समझ पाए जो उनके बल्ले और पैड के बीच से निकलकर आफ स्टंप उखाड़ गयी। विजय ने अपनी पारी में चार चौके और तीन छक्के लगाए।
धोनी का रोबिन पीटरसन पर लगाया गया छक्का दर्शनीय था। उन्होंने इसके बाद अगली गेंद चार रन के लिये भेजी थी। आज मुनाफ पटेल का दिन नहीं था क्योंकि ब्रावो ने भी उन पर छक्का जड़ा। मध्यम गति के इस गेंदबाज ने चार ओवर में 46 रन लुटाये। ब्रावो ने मालिंगा पर दो चौके लगाकर उनका खौफ उतारने की कोशिश की लेकिन अगली गेंद यार्कर थी जो उनका स्टंप थर्रा गयी। इस तरह से ब्रावो चार चौके और एक छक्का ही लगा पाये। धोनी को उनके दोस्त आरपी सिंह ने आउट किया लेकिन इसमें रोहित शर्मा का योगदान अहम रहा जिन्होंने सीमा रेखा पर उछलकर कैच लपका।
रविंदर जडेजा (09) ने अगली गेंद पर छक्का जमाया लेकिन आरपी ने इसी ओवर में मोर्कल की गिल्लियां बिखेर दी। मालिंगा ने पारी की आखिरी दो गेंद पर जडेजा और आर अश्विन को आउट किया। इसके साथ ही आईपीएल पांच में उनके विकेटों की संख्या 20 हो गयी है। इस तरह से सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज को मिलने वाली पर्पल कैप मालिंगा ने हासिल कर ली है जो अब तक दिल्ली डेयरडेविल्स के मोर्ने मोर्कल के पास थी।
(एजेंसी)
First Published: Sunday, May 6, 2012, 20:13