Last Updated: Monday, May 21, 2012, 03:53
ज़ी न्यूज ब्यूरो
मुंबई: मुंबई पुलिस ने रेव पार्टी के आयोजनकर्ता विशेष विजय हांडा को एनडीपीएम एक्ट (नार्कोटिक्स डर्ग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंशेस) के अंतर्गत गिरफ्तार किया है। यह रेव पार्टी मुंबई के होटल ओकवुड में चल रही थी। इस दौरान कल 38 लड़कियों समेत 100 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया। पार्टी में आईपीएल के 2 खिलाड़ी पकड़े गए। इस दौरान मौके से मादक पदार्थ भी बरामद किए गए।
मुंबई के जुहू में पुलिस ने एक थ्री स्टार होटल ओकवुड पर छापा मारा। होटल में रेव पार्टी और नशे का खेल धड़ल्ले से किया जा रहा था। राहुल शर्मा और दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटर वेन पार्नेल को भी इसी पार्टी से पकड़ा गया। दोनों ही पुणे वॉरियर्स टीम के खिलाड़ी हैं।
पकड़े गए लोगों में से अधिकांश विदेशी नागरिक हैं। दो आईपीएल खिलाड़ियों सहित कई चर्चित रसूखदार भी हिरासत में लिए गए हैं, जिनके नाम का खुलासा अभी नहीं किया गया है। पुलिस ने पार्टी स्थल से 150 ग्राम कोकीन और 100 ग्राम से अधिक अन्य प्रतिबंधित मादक पदार्थ भी जब्त किए।
First Published: Monday, May 21, 2012, 13:12