मोहाली टेस्ट: आस्ट्रेलिया की अच्छी शुरुआत पर टीम इंडिया ने लगाया ब्रेक, 273/7

मोहाली टेस्ट: आस्ट्रेलिया की अच्छी शुरुआत पर टीम इंडिया ने लगाया ब्रेक, 273/7

मोहाली टेस्ट: आस्ट्रेलिया की अच्छी शुरुआत पर टीम इंडिया ने लगाया ब्रेक, 273/7मोहाली : रविंदर जडेजा और इशांत शर्मा ने दो ओवरों में चार कीमती विकेट निकालकर आस्ट्रेलिया को शुक्रवार को यहां तीसरे टेस्ट क्रिकेट मैच में अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठाने दिया और भारत की उम्मीदों को जीवंत रखा। श्रृंखला में 0-2 से पिछड़ रहे आस्ट्रेलिया ने खेल का पहला दिन बारिश की भेंट चढ़ने के बाद दूसरे दिन 104 ओवर के खेल में सात विकेट पर 273 रन बनाये हैं।

डेविड वार्नर (71) और एड कोवान (86) ने पहले विकेट के लिये 139 रन जोड़कर टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरे आस्ट्रेलिया को ठोस शुरुआत दिलायी थी। उससे लग रहा था कि पीसीए स्टेडियम में आज आस्ट्रेलिया की बल्ले-बल्ले होगी लेकिन दूसरे और तीसरे सत्र में पासा पलट गया।

सलामी जोड़ी के अलावा केवल स्टीवन स्मिथ ही भारत के तेज और स्पिन मिश्रित आक्रमण का डटकर सामना कर पाये। वह अभी 58 रन बनाकर खेल रहे हैं। उनके साथ दूसरे छोर पर खड़े मिशेल स्टार्क ने 20 रन बनाये हैं। इस बीच भारत को जडेजा और अपना 50वां टेस्ट मैच खेल रहे इशांत शर्मा ने अपने एक ओवर में दो-दो विकेट लेकर वापसी दिलायी।

जडेजा ने वार्नर और कप्तान माइकल क्लार्क (शून्य) के विकेट लिये। इसके बाद स्मिथ और ब्रैड हाडिन (21) जब आस्ट्रेलिया को वापसी दिला रहे थे तब इशांत का जलवा चला। उन्होंने हाडिन और मोएजेस हेनरिक्स (शून्य) को पवेलियन भेजा।

इस बीच प्रज्ञान ओझा ने फिलिप ह्यूज (2) और रविचंद्रन अश्विन ने कोवान को आउट किया। जडेजा ने 56 रन देकर तीन और इशांत ने 41 रन देकर दो विकेट लिये हैं।

भारत को स्लिप में अदद क्षेत्ररक्षक की कमी खली क्योंकि विराट कोहली ने पहली स्लिप में दो अवसर गंवाये। उन्होंने वार्नर और कोवान दोनों को जीवनदान दिया। दोनों अवसरों पर गेंदबाज ओझा थे।

भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने पहले 30 ओवर तक अपने चारों विशेषज्ञ गेंदबाजों का उपयोग किया और फिर अश्विन के स्थान पर जडेजा को गेंद सौंपी। उनके लिये धोनी ने अधिक आक्रामक क्षेत्ररक्षण लगा रखा था। पहली स्लिप और लेग स्लिप के अलावा शार्ट लेग पर भी क्षेत्ररक्षक था।

जडेजा के लिये दूसरा सत्र काफी अच्छा रहा। उन्होंने तब भारत को सफलता दिलायी जबकि मुख्य गेंदबाज नाकाम रहे थे। बायें हाथ के इस स्पिनर ने वार्नर को धोनी के हाथों कैच कराया। गेंद बल्लेबाज के बल्ले और पैड से लगकर विकेटकीपर के पास पहुंची थी। अगली गेंद पर जडेजा ने क्लार्क का महत्वपूर्ण विकेट लिया जिन्हें धोनी ने स्टंप आउट किया।

गेंद पिच होने के बाद तेजी से टर्न हुई तथा क्लार्क ने उस पर आगे बढ़कर खेलने की गलती कर दी। इसके 12 ओवर बाद ओझा ने ह्यूज को धोनी के हाथों कैच कराया। इस तरह से यह बल्लेबाज फिर से रन बनाने में नाकाम रहा।

धोनी का यह आस्ट्रेलिया के खिलाफ 50वां शिकार था। वार्नर ने अपनी पारी में 147 गेंद खेली तथा नौ चौके लगाये। महत्वपूर्ण बात यह है कि अपने विस्फोटक तेवरों के लिये मशहूर वार्नर ने 206 मिनट क्रीज पर बिताये।

कोवान जब निराश होकर पवेलियन लौट रहे थे तब कोहली की खुशी देखते ही बनती थी। कोवान ने अपनी पारी में 238 गेंद खेली तथा आठ चौके लगाये। स्मिथ ने कोवान के साथ 47 रन जोड़ने के बाद चोटिल मैथ्यू वेड के स्थान पर खेल रहे हाडिन के साथ पांचवें विकेट के लिये 46 रन की साझेदारी की।

इन दोनों ने स्पिनरों को आसानी से खेला तथा जडेजा के एक ओवर में तीन चौके भी लगाये। हाडिन ने ओझा पर छक्का जड़कर अपना खाता खोला था। धोनी ने फिर इशांत को गेंद सौंपी। उनकी नीची रहती गेंद को हाडिन ने स्क्वायर लेग पर खेलने की कोशिश की लेकिन वह बल्ले का निचला किनारा लेकर विकेटों में समा गयी।

चेन्नई में अपने पदार्पण टेस्ट मैच में दो अर्धशतक जड़ने वाले हेनरिक्स फिर से नाकाम रहे। इशांत की तेज से मूव करती गेंद उनके पैड से लगकर आफ स्टंप उखाड़ गयी थी। जडेजा ने नये बल्लेबाज पीटर सिडल को खाता भी नहीं खोलने दिया।

इस तरह से आस्ट्रेलिया सात रन के अंदर तीन विकेट गंवा बैठा। श्रृंखला में पहला मैच खेल रहे स्मिथ ने हालांकि एक छोर संभाले रखा है। उन्होंने अब तक 137 गेंद खेल कर सात चौके और एक छक्का लगाया है। इससे पहले टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण कर रहे शिखर धवन को सचिन तेंदुलकर ने टेस्ट कैप सौंपी। भारत ने उनके अलावा हरभजन सिंह के स्थान पर ओझा को टीम में लिया है। ‘होमवर्क’ कांड के कारण चर्चा में रहे आस्ट्रेलिया ने टीम में चार बदलाव किये। (एजेंसी)

First Published: Friday, March 15, 2013, 16:53

comments powered by Disqus