Last Updated: Monday, January 14, 2013, 20:53

नई दिल्ली : आसमान को चकाचौंध करने वाली आतिशबाजी और हैरतंगेज कारनामों वाले लेजर शो के साथ आज मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम पर पहली हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) का आगाज हुआ।
दस फरवरी तक चलने वाली इस लीग में शहरों पर आधारित पांच फ्रेंचाइजी के बीच 34 मैच खेले जायेंगे। उदघाटन समारोह की शुरूआत लेजर शो से हुई जिसमें आसमान पर लहराता एक गुब्बारा आकषर्ण का केंद्र रहा।
गुब्बारे पर लटके कलाकार ने जबर्दस्त हैरतंगेज हवाई कारनामे दिखाये और मैदान से हाकी इंडिया लीग का परचम लेकर लीग के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा को सौंपा।
मैदान पर पांचों फ्रेंचाइजी मुंबई मैजिशियंस, रांची राइनोज, दिल्ली वेवराइडर्स, यूपी विजार्डस और जेपी पंजाब वारियर्स का प्रतिनिधित्व करते पांच गुब्बारे रखे गए थे।
लेजर शो के बाद पांचों टीमों के कप्तानों की ओर से दिल्ली के कप्तान सरदार सिंह ने शपथ ली। शपथ ग्रहण के बाद टूर्नामेंट के टाइटल प्रायोजक हीरो मोटरकोर्प के प्रबंध निदेशक पवन मुंजाल ने टूर्नामेंट के औपचारिक आगाज का ऐलान किया।
इसके बाद हवा में आतिशबाजी का जो नजारा देखा गया, जिसे स्टेडियम में जमा सैकड़ो लोग लंबे समय तक याद रखेंगे। इस मौके पर भारतीय हाकी के लिये खास तौर पर लिखा गया गीत ‘मैदानों पर राज करो, कल की छोड़ो आज करो’ भी लांच किया गया।
राष्टीय पुरस्कार प्राप्त गीतकार प्रसून जोशी के लिखे इस गीत का संगीत आदेश श्रीवास्तव ने दिया है जबकि इसे ‘चक दे इंडिया’ फेम सुखविंदर सिंह ने गाया है। (एजेंसी)
First Published: Monday, January 14, 2013, 20:53