रणजी ट्रॉफी: मैदान गीला, खेल शुरू होने में देरी

रणजी ट्रॉफी: मैदान गीला, खेल शुरू होने में देरी

नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी में बीते दो दिनों से तेज बारिश और ओले पड़ने के कारण पालम एयरफोर्स मैदान पर मुम्बई और सर्विसेज के बीच जारी रणजी ट्रॉफी के मौजूदा सत्र के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले के चौथे दिन शनिवार का खेल समय से शुरू नहीं हो सका है। शुक्रवार को तीसरे दिन का खेल रद्द कर दिया गया था। दिल्ली-सर्विसेज मैच पर दूसरे दिन से ही मौसम की मार पड़ रही है। गुरुवार को भी खराब मौसम के कारण दूसरे दिन का खेल निर्धारित समय से पहले ही समाप्त कर दिया गया था। गुरुवार रात और शुक्रवार सुबह हुई बारिश के कारण मैदान बुरी तरह गीला हो गया।

इस कारण शुक्रवार को एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी। शनिवार को हालातों में थोड़ा सुधार दिखा लेकिन मैदान के बाहरी इलाकों में पानी जमने के कारण खेल निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो सका। 39 बार के चैम्पियन मुम्बई ने कप्तान अजीत अगरकर (नाबाद 113) और आदित्य तारे (नाबाद 108) के शतकों की बदौलत दूसरे दिन गुरुवार का खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में छह विकेट पर 380 रन बना लिए थे।

कप्तान अगरकर ने 237 गेंदों पर 14 चौके लगाए हैं जबकि तारे ने 324 गेंदों पर 16 चौके जड़े हैं। दोनों के बीच अब तक 211 रनों की साझेदारी हो चुकी है। सर्विसेज की ओर से सूरज यादव और शादाब नजर ने दो-दो विकेट लिए हैं। (एजेंसी)

First Published: Saturday, January 19, 2013, 12:25

comments powered by Disqus