रांची की बेटियों के लिए स्टेडियम बनाएगी सरकार

रांची की बेटियों के लिए स्टेडियम बनाएगी सरकार

रांची की बेटियों के लिए स्टेडियम बनाएगी सरकार रांची : ग्रामीण ओरमांझी इलाके के दहू मौजा की लड़कियों को स्पेन में गास्तेज फुटबाल प्रतियोगिता में भारत की टीम को तीसरा स्थान दिलाने में अहम भूमिका निभाने के लिए सम्मानित किया गया और सरकार उनके गांव में स्टेडियम भी बनाएगी।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में घोषणा की कि रांची की इन बेटियों को देश का सम्मान बढ़ाने के लिए 21-21 हजार रुपये की सम्मान राशि दी जायेगी। साथ ही उनकी इच्छा के अनुरूप जिले के ओरमाझी इलाके में दहू मौजा में सरकार छह माह के भीतर स्टेडियम बनायेगी जिसे बाद में आवासीय खेल परिसर में तब्दील कर दिया जायेगा। इस उद्देश्य से दहू में पांच एकड़ भूमि चिह्नित भी कर ली गयी है।

मुख्यमंत्री ने टीम की स्थानीय महिला खिलाड़ियों को सचिवालय में बुलाकर उनसे मुलाकात की और उन्हें सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने चौदह वर्ष से कम उम्र की इन खिलाड़ियों के उत्साह और जज्बे की प्रशंसा की और स्पेन जाते समय उनको यहां हुई कठिनाइयों को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

यह पूछे जाने पर कि संबद्ध ग्राम पंचायत के अधिकारियों पर क्या कार्रवाई होगी जिन्होंने इन लड़कियों को जन्म प्रमाण पत्र देने में परेशानी पैदा की थी।

इनकी कथित तौर पर पिटाई करने के साथ इनसे पंचायत भवन में झाड़ू पांछा लगवाया था, मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा, ‘दोषी पंचायत अधिकारियों और कर्मचारियों पर पहले ही कार्रवाई की जा चुकी है।’ ज्ञातव्य है कि जिल प्रशासन ने लड़कियों के साथ बदसलूकी करने वाले ग्राम सेवक को उसके पद से हटा दिया है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि युवा इंडिया नाम से स्पेन में खेलने गयी टीम की सभी लड़कियों को स्पोर्ट्स किट और फुटबाल खेलने के लिए आवश्यक अन्य सामग्री भी प्रदान की जायेगी। (एजेंसी)

First Published: Friday, August 2, 2013, 22:24

comments powered by Disqus