Last Updated: Friday, January 18, 2013, 22:13

रांची: भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने शुक्रवार को यहां नए जेएससीए स्टेडियम के उद्घाटन के दौरान अपने बिलकुल अलग अंदाज से दर्शकों का मन मोह लिया।
धोनी ने उद्घाटन समारोह के दौरान ढोल थामा और ढोल बजाया। उन्होंने कहा,‘व्यक्तिगत रूप से यह मेरे लिए विशेष क्षण है। सफर की शुरुआत कल होगी। यह नई पारी की शुरुआत होगी।’
बाजा बजाने वाले दल के मुखिया नंदलाल नायक ने धोनी को ढोल पकड़ा दिया। सामान्य रूप से अंतमुर्खी रहने वाले धोनी ने ढोल की रस्सी गले में डाल 179 नगाड़े बजाने वालों के साथ हो लिए जो युद्ध में लड़ने वाले जैसी पोशाक पहने थे। इसी कार्यक्रम से एक घंटे तक चले उद्घाटन समारोह की शुरुआत हुई।
सफेद जैकेट और नीली जींस पहने धोनी अपनी पत्नी साक्षी के साथ क्रिकेट स्टेडियम के सटे समारोह स्थल पर पहुंचे।
धोनी ने स्टेडियम को बनाने वाले लोगों का शुक्रिया अदा किया, जिसका निर्माण कार्य 19 जून 2009 को शुरू हुआ था।
उन्होंने कहा कि क्रिकेट स्टेडियम ने रांची को विश्व मानचित्र पर ला दिया है और झारखंड की राजधानी को अब किसी भी परिचय की जरूरत नहीं होगी।
धोनी ने कहा, ‘जब मैं टीम से जुड़ा था तो लोग मुझसे पूछते थे कि मैं कहां से हूं। मैं कहता था कि मैं भारत से हूं और फिर मैं कहता था कि मैं झारखंड में रांची से हूं। मैं विभिन्न रास्ते बताकर रांची का पता बताता था कि यह कोलकाता के समीप है, जमशेदपुर के पास है।’
उन्होंने कहा, ‘लेकिन स्टेडियम के बनने के बाद अब यह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम बन गया है। कम से कम हमें क्रिकेट खेलने वाले देशों में रांची के बारे में ज्यादा बताने की जरूरत नहीं पड़ेगी।’
धोनी ने कहा, ‘यह अच्छी शुरुआत है और झारखंड के लोगों के लिए गर्व का क्षण है।’ बीसीसीआई अध्यक्ष एन श्रीनिवासन ने कहा, ‘यह अब इस क्षेत्र का गौरव बन जाएगा। मैं धोनी के लिए खुश हूं जो सभी तीनों प्रारूपों में टीम की कप्तानी करते हैं और मेरी पसंदीदा आईपीएल टीम चेन्नई सुपरकिंग्स के भी कप्तान हैं।’
ईसीबी के अध्यक्ष जाइल्स क्लार्क भी अपनी पत्नी के साथ इस मौके पर मौजूद थे।
इससे पहले राज्य के राज्यपाल सैयद अहमद ने बीसीसीआई अध्यक्ष श्रीनिवासन के साथ संयुक्त रूप से स्टेडियम का उद्घाटन किया।
स्टेडियम के मुख्य क्रिकेट मैदान में 39,000 लोगों के बैठने की क्षमता है, इसके अलावा परिसर में दो टेनिस कोर्ट, एक इंडोर क्रिकेट अकादमी, एक स्विमिंग पूल है जिसका निर्माण कार्य चल रहा है। (एजेंसी)
First Published: Friday, January 18, 2013, 22:13