रोमांचक मैच में भारत 4 विकेट से जीता - Zee News हिंदी

रोमांचक मैच में भारत 4 विकेट से जीता

ज़ी न्यूज ब्यूरो/ एजेंसी


 

एडिलेड: एडिलेड में खेले गए रोमांचक वनडे में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को चार विकेट से हरा दिया। मैच का अंतिम ओवर बेहद रोमांचक रहा। धोनी ने तीसरे बॉल में छक्का जड़कर ये बता दिया कि यह मैच वह जीतेंगे। ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 270 रनों की चुनौती दी थी।

 

सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर की 92 रन की दिलकश पारी और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के आखिरी ओवर के धमाल से भारत ने ऑस्ट्रेलिया का विजय रथ रोककर त्रिकोणीय एकदिवसीय क्रिकेट श्रृंखला में दो गेंद शेष रहते हुए चार विकेट की रोमांचक जीत दर्ज की।

 

ऑस्ट्रेलिया तब बड़ा स्कोर बनाने की स्थिति में दिख रहा था जब अपना पहला मैच खेल रहे पीटर फोरेस्ट 66  और डेविड हसी 72 रन बनाकर  क्रीज पर थे, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने अच्छी वापसी करके उसकी टीम को आठ विकेट पर 269 रन ही बनाने दिए। गंभीर फिर से शतक से चूक गये लेकिन उन्होंने अच्छी नींव रखी। इसके बावजूद आखिरी क्षणों में मैच काफी कड़ा हो गया था।

 

रोमांच से भरे इस मैच में जब भारत को चार गेंद पर 12 रन चाहिए थे तब धोनी 58 गेंद पर नाबाद 44 बनाकर अपने बाजुओं की ताकत का उत्कृष्ट नमूना पेश किया और 49.4 ओवर में ही भारत का स्कोर छह विकेट पर 270 रन पर पहुंचाया।

 

भारत को आखिरी ओवर में 13 रन चाहिए थे। पहली दो गेंद पर एक रन बना लेकिन धोनी ने आस्ट्रेलिया के सबसे सफल गेंदबाज क्लाइंट मैकाय की तीसरी गेंद लांग आन पर गगनदायी छक्के के लिये उछाल दी जो 112 मीटर दूर जाकर गिरी। यह 56वीं गेंद पर पहला शाट था जिस पर उन्होंने गेंद सीमा रेखा के पार भेजी। अगली गेंद कमर से उपर थी जिस पर धोनी ने सीमा रेखा पर कैच दिया लेकिन यह नोबाल निकली। धोनी ने चौथी गेंद पर तीन रन लेकर मैच भारत के नाम किया।

 

सुरेश रैना टीम को जीत के करीब पहुंचाकर आउट हो गए। रैना ने 30 गेंद में 3 चौकों और एक छक्के की मदद से शानदार 38 रन बनाए। ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज डोहर्थी ने रैना का विकेट झटका। इससे पहले सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर आउट हुए। गंभीर शतक से चूक गए। गंभीर ने 111 गेंद में सात चौकों की मदद से 92 रन बनाए।

 

गौतम गंभीर को उनके शानदार 92 रन के लिए 'मैन ऑफ द मैच' घोषित किया गया। अब भारत लगातार दो मैच जीतकर सीरीज का प्रबल दावेदार बन गया है।

 

First Published: Monday, February 13, 2012, 11:04

comments powered by Disqus