लंका में भारत का शानदार आगाज, श्रीलंका को 21 रन से हराया

लंका में भारत का शानदार आगाज, श्रीलंका को 21 रन से हराया

लंका में भारत का शानदार आगाज, श्रीलंका को 21 रन से हरायाहम्बानटोटा : महिंदा राजपक्षे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शनिवार को खेले गए मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 21 रनों से पराजित कर दिया। इस जीत के साथ भारत ने पांच एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। भारत की इस जीत के हीरो रहे उपकप्तान विराट कोहली, जिन्होंने 106 रनों की शानदार पारी खेली। वीरेंद्र सहवाग ने भी अपने अंदाज में 96 रन बटोरे। श्रीलंका की ओर से कुमार संगकारा ने भी हालांकि 133 रनों की संघर्षपूर्ण शतकीय पारी खेली लेकिन वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। कोहली को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका के समक्ष जीत के लिए 315 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसका पीछा करते हुए श्रीलंका की टीम निर्धारित 50 ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर 293 रन ही बना सकी।

श्रीलंका की ओर से कुमार संगकारा ने सर्वाधिक 133 रनों की पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 151 गेंदों का सामना किया और 12 चौके लगाए। वह 48वें ओवर की पहली गेंद पर आउट हुए। थिसारा परेरा ने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। गेंदबाजी में उन्होंने तीन विकेट झटके जबकि बल्ले से उन्होंने सिर्फ 28 गेंदों पर 44 रन निकाले। संगकारा के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए 78 रनों की साझेदारी की।

पारी के दूसरे ही ओवर में मध्यम गति के तेज गेंदबाज इरफान पठान ने श्रीलंका को पहला झटका दिया। उन्होंने सलामी बल्लेबाज तिलकरत्ने दिलशान को पगबाधा आउट किया। उस समय श्रीलंका का स्कोर नौ रन था।

इसके बाद उपुल थरंगा और संगकारा ने 77 रनों की साझेदारी कर टीम को मुश्किलों से उबारने की कोशिश की लेकिन 86 के कुल योग पर थरंगा भी चलते बने। थरंगा ने 47 गेंदों का सामना किया और दो चौकों की मदद से 28 रन बनाए।

थरंगा का स्थान लेने आए दिनेश चांडीमल कुछ खास नहीं कर सके और वह सिर्फ 13 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। माहेला जयवर्धने के रूप में श्रीलंका का चौथा विकेट गिरा। वह सिर्फ 12 रन ही बना सके। इनके अलावा श्रीलंका का कोई बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सका।

भारत की ओर से इरफान पठान, रविचंद्रन अश्विन और उमेश यादव ने दो-दो विकेट झटके जबकि जहीर खान और प्रज्ञान ओझा के खाते में एक-एक विकेट गया।

इससे पहले भारत ने श्रीलंका के सामने 315 रनों का लक्ष्य रखा था। उपकप्तान विराट कोहली और सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत टीम इंडिया ने निर्धारित 50 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 314 रन बनाए।

कोहली ने जहां शानदार शतक लगाया वहीं सहवाग सिर्फ चार रन से अपने शतक से चूक गए। कोहली ने 113 गेंदों का सामना करते हुए नौ चौकों की मदद से 106 रन बनाए जबकि सहवाग ने 97 गेंदों पर 10 चौकों की मदद से 96 रन ठोक दिए। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 173 रनों की साझेदारी हुई।

कोहली और सहवाग के अलावा सुरेश रैना और कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने भी अच्छे हाथ दिखाए। रैना ने 45 गेंदों पर 50 रन बनाए। उन्होंने तीन चौके और एक छक्का लगाया। धौनी ने 29 गेंदों पर 35 रनों की तेज पारी खेली। इस दौरान उन्होंने भी तीन चौके और एक छक्का लगाया।

भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारत की ओर से गौतम गम्भीर और सहवाग ने पारी की शुरुआत की। कुल योग में अभी सात रन ही जुड़े थे कि गम्भीर को तेज गेंदबाज नुवान कुलासेकरा ने बोल्ड कर दिया। गम्भीर ने छह गेंदों पर तीन रन बनाए।

सहवाग शुरुआत में थोड़े असहज लग रहे थे लेकिन बाद में उन्होंने लय पकड़ी। थिसारा परेरा के एक थ्रो पर 96 के स्कोर पर वह रन आउट हुए। 97 गेंदों में खेली गई इस पारी में सहवाग ने 10 चौके लगाए। सहवाग के आउट होने के बाद मैदान पर आए रोहित शर्मा कुछ खास नहीं कर सके और आठ गेंदों पर महज पांच रन बनाकर मैथ्यूज की गेंद पर बोल्ड होकर चलते बने।

इस बीच कोहली ने अपने करियर का 12वां शतक लगाया। इसके साथ ही उन्होंने एक इतिहास भी रच दिया। एकदिवसीय इतिहास में सबसे तेज 12 शतक बनाने वाले वह खिलाड़ी बन गए। कोहली ने 106 गेंदों पर शतक पूरा किया। परेरा की गेंद वह स्थानापन्न खिलाड़ी सेनानायके द्वारा लपके गए।

इसके बाद रैना और धौनी ने मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 55 गेंदों पर तेजी से 79 रन जोड़े। रैना 59 रन बनाकर परेरा के शिकार बने तो धौनी को भी 35 के योग पर परेरा ने ही चलता किया।

इरफान पठान चार गेंदों पर सात रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे। दूसरी छोर पर अश्विन थे लेकिन वह एक भी गेंद का सामना नहीं कर सके।

श्रीलंका की ओर से परेरा ने सर्वाधिक तीन विकेट झटके। नुआन कुलसेकारा और एंजेलो मैथ्यूज के खाते में एक-एक विकेट गया। (एजेंसी)

First Published: Sunday, July 22, 2012, 00:37

comments powered by Disqus