Last Updated: Monday, August 19, 2013, 13:03
मास्को : अमेरिका के एथलीटों ने रविवार को मास्को में सम्पन्न विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के 14वें संस्करण में कुल 25 पदक जीते लेकिन स्वर्ण की दौड़ में वे दक्षिण कोरिया के दाएगू में हुए 13वें संस्करण के मुकाबले पिछड़ गए। यही नहीं, अमेरिका 2003 के बाद पहली बार तालिका में दूसरे स्थान पर रहा।
रूस ने अपनी मेजबानी में कुल सात स्वर्ण, चार रजत और छह कांस्य जीते। उसके खाते में 17 पदक आए और वह तालिका में पहले स्थान पर रहा। इससे पहले 2001 एडमंटन (कनाडा) खेलों में रूस ने पांच स्वर्ण, सात रजत और छह कांस्य के साथ पहला स्थान हासिल किया था।
विश्व चैम्पियनशिप के इतिहास में यह सिर्फ तीसरा मौका है, जब अमेरिका तालिका में दूसरे क्रम पर रहा है। 1983 के हेलसिंकी खेलों में जर्मनी (संयुक्त) ने अमेरिका को तालिका में दूसरे क्रम पर धकेला था और इसके बाद 2001 में रूस ने ऐसा किया। अब एक बार फिर रूस ऐसा करने में सफल रहा है। दाएगू (2011) में अमेरिका ने 12 स्वर्ण, आठ रजत और पांच कांस्य सहित कुल 25 पदक जीते थे। इस बार उसने छह स्वर्ण पदकों का नुकसान उठाना पड़ा है। अमेरिका ने इस बार सिर्फ छह स्वर्ण, 14 रजत और पांच कांस्य जीते हैं। दाएगू के मुकाबले इस बार छह रजत पदक बढ़े हैं लेकिन उसने इतने ही स्वर्ण पदकों का नुकसान हुआ है।
नुकसान तो रूस को भी हुआ है लेकिन दो स्वर्ण पदकों के नुकसान के बावजूद तालिका में पहले स्थान पर रहा। इसका यह मतलब है कि शीर्ष 10 में आने वाले देशों ने अच्छा प्रदर्शन किया और इसी कारण शीर्ष-3 में रहने वाले देशों के पदक बंट गए।
मसलन, जमैका ने दाएगू में चार स्वर्ण जीते थे लेकिन इस बार वह छह स्वर्ण जीतने में सफल रहा। इसमें से दो स्वर्ण उसैन बोल्ट के हैं। दाएगू में पांच से कम और दो से अधिक स्वर्ण जीतने वाले देशों की संख्या तीन थी जबकि इस बार यह संख्या जर्मनी (4), इथियोपिया (3), ब्रिटेन (3), चेक गणराज्य (2) और यूक्रेन (2) के रूप में पांच हो गई है।
इस दफे 18 देशों ने कम से कम एक स्वर्ण जीता है जबकि दाएगू में 16 देश ही ऐसा कर सके थे। अब तालिका की बात करते हैं। रूस सात स्वर्ण के साथ पहेल स्थान पर रहा जबकि अमेरिका छह स्वर्ण और कुल 25 पदकों के साथ दूसरे क्रम पर रहा। जमैका ने स्प्रिंट धावकों की बदौलत छह स्वर्ण जीते और वह तालिका में तीसरे क्रम पर रहा।
दूसरी ओर, केन्या ने मध्यम दूरी के धावकों की बदौलत पांच स्वर्ण जीते और वह तालिका में चौथे क्रम पर रहा। जर्मनी (4 स्वर्ण) पांचवें और इथियोपिया (3 स्वर्ण) छठे स्थान पर रहा। इथियोपिया ने 10 पदकों के साथ ब्रिटेन (तीन स्वर्ण, 3 कांस्य) को दोयम साबित किया। (एजेंसी)
First Published: Monday, August 19, 2013, 13:03