वाडेकर को मिला जीवनपर्यन्त पुरस्कार

वाडेकर को मिला जीवनपर्यन्त पुरस्कार

मुंबई : पूर्व भारतीय कप्तान अजित वाडेकर को क्रिकेट में अपने योगदान के लिए आज कैस्ट्राल जीवनपर्यंत पुरस्कार जबकि वर्तमान में भारत अंडर-19 टीम के कप्तान उन्मुक्त चंद को वर्ष 2011 का सर्वश्रेष्ठ जूनियर क्रिकेटर चुना गया।

आयोजकों की विज्ञप्ति के अनुसार ये पुरस्कार 29 अगस्त को बेंगलुरु में प्रदान किए जाएंगे। वाडेकर की अगुवाई में भारत ने 1971 में वेस्टइंडीज और इंग्लैंड में टेस्ट श्रृंखलाएं जीती थी। इसके अलावा वह कोच, मैनेजर और राष्ट्रीय चयन समिति के अध्यक्ष भी रहे। उन्मुक्त को उनके लगातार शानदार प्रदर्शन के लिए वर्ष 2011 के लिए कैस्ट्राल जूनियर क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुना गया। उन्मुक्त की अगुवाई में भारतीय टीम अभी आस्ट्रेलिया में अंडर-19 विश्व कप में खेल रही है।

इन दोनों पुरस्कारों के अलावा वर्ष का क्रिकेटर, वर्ष का टेस्ट क्रिकेटर, वर्ष का एकदिवसीय क्रिकेटर, वर्ष का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज पुरस्कार भी दिए जाएंगे। जो खिलाड़ी वर्ष का सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर की दौड़ में हैं उनमें कप्तान महेंद्र सिंह धोनी, वीरेंद्र सहवाग, सचिन तेंदुलकर, सुरेश रैना और ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन शामिल हैं। (एजेंसी)

First Published: Thursday, August 23, 2012, 16:40

comments powered by Disqus