Last Updated: Saturday, October 22, 2011, 13:38

नई दिल्ली : राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता के रवि कुमार पेरिस में एक से 15 नवंबर तक होने वाली आईडब्ल्यूएफ सीनियर विश्व भारोत्तोलन चैम्पियनशिप में 15 सदस्यीय भारतीय टीम की अगुवाई करेंगे।
रवि कुमार (69 किग्रा) ने विश्व चैम्पियनशिप की तैयारियों के लिये इस महीने के शुरू में दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन में हुई राष्ट्रमंडल भारोत्तोलन चैम्पियनशिप में नहीं खेलने का फैसला किया था। विश्व चैम्पियनशिप इसलिए काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह 2012 लंदन ओलंपिक क्वालीफाइंग प्रतियोगिता है।
सात महिला भारोत्तोलकों में मोनिका देवी (69 किग्रा) और मात्सा संतोषी (53 किग्रा) में शामिल है जिन्होंने राष्ट्रमंडल चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था। भारतीय भारोत्तोलकों ने केप टाउन में हुई राष्ट्रमंडल भारोत्तोलन चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया था जिसमें टीम ने 53 स्वर्ण समेत कुल 110 पदक जीते थे।
लेकिन विश्व चैम्पियनशिप इससे काफी अलग होगी क्योंकि इसमें विभिन्न वर्गों में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ भारोत्तोलक भाग लेंगे । पिछले साल तुर्की में हुई पिछली विश्व चैम्पियनशिप में सभी भारतीय भारोत्तोलक निचले पायदान पर रहे थे।
भारतीय टीम इस प्रकार है-
पुरूषः (62 किग्रा) रूस्तम सारंग, युकार सिबी, (69 किग्रा) के रवि कुमार, प्रसम रामबाबू, (77 किग्रा) गौरव दुबे, (94 किग्रा) चंद्रकांत माली, (105 किग्रा से अधिक) संदीप कुमार और रूपिंदर सिंह।
महिला: (48 किग्रा) एन सोनिया चानू, खुमुकचाम संजिता चानू, (53 किग्रा) मात्सा संतोषी, प्रमिला क्रिसानी, (58 किग्रा) एम सुनीबाला देवी, (63 किग्रा) हिजाम पोरेंगांबी चानू, (69 किग्रा) एल मोनिका देवी।
(एजेंसी)
First Published: Saturday, October 22, 2011, 19:46