श्रीलंका को क्लीनस्वीप करने के करीब पहुंचा ऑस्ट्रेलिया

श्रीलंका को क्लीनस्वीप करने के करीब पहुंचा ऑस्ट्रेलिया

श्रीलंका को क्लीनस्वीप करने के करीब पहुंचा ऑस्ट्रेलियासिडनी : श्रीलंका का बल्लेबाजी क्रम आस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे और अंतिम टेस्ट के तीसरे दिन एक बार फिर ताश के पत्तों की तरह ढह गया जिससे मेजबान टीम चौथे ही दिन टेस्ट जीतकर क्लीनस्वीप करने की ओर बढ़ गई। पहली पारी में 138 रन से पिछड़े श्रीलंका के लिए दिमुथ करूणारत्ने और कप्तान महेला जयवर्धने ने शतकीय साझेदारी की जिससे लग रहा था कि मेहमान टीम कड़ी टक्कर देने में सफल रहेगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

करूणारत्ने और जयवर्धने की जोड़ी टूटने के बाद एक बार फिर श्रीलंका का बल्लेबाजी क्रम ढह गया और दिन का खेल खत्म होने तक उसका स्कोर सात विकेट पर 225 रन था। श्रीलंका की बढ़त सिर्फ 87 रन की है जबकि अभी दो दिन का खेल बाकी है। दिन का खेल खत्म होने पर दिनेश चांदीमल 22 जबकि रंगना हेराथ नौ रन बनाकर खेल रहे थे।

होबार्ट में पहले टेस्ट में 147 रन बनाने वाले श्रीलंका के सलामी बल्लेबाज तिलकरत्ने दिलशान लगातार पांचवीं बार विफल रहे जब सिर्फ पांच रन बनाने के बाद मिशेल जानसन की गेंद पर तीसरी स्लिप में फिल ह्यूज को कैच दे बैठे। जयवर्धने और करूणारत्ने ने इसके बाद दूसरे विकेट के लिए 108 रन की साझेदारी की। करूणारत्ने ने 85 रन बनाने के बाद जैकसन बर्ड की गेंद पर विकेटकीपर मैथ्यू वेड को कैच थमाया।

पहली पारी में शीर्ष स्कोर रहे लाहिरू थिरिमाने सिर्फ सात रन बनाने के बाद जानसन की गेंद को हुक करने की कोशिश में फाइन लेग पर बर्ड को कैच दे बैठे। तिलन समरवीरा खाता खोलने में नाकाम रहे। वह स्पिनर नाथन लियोन की गेंद को हवा में लहरा गए और अपना अंतिम टेस्ट खेल रहे माइक हसी ने लांग आन पर उनका कैच लपका।

एंजेलो मैथ्यूज (16) कप्तान के साथ गलतफहमी का शिकार होने के बाद डेविड वार्नर के सटीक निशाने पर रन आउट होकर पवेलियन लौटे। जयवर्धने भी चार गेंद बाद पीटर सिडल का शिकार बने। उन्होंने पहली स्लिप में माइकल क्लार्क को कैच थमाया। श्रीलंकाई कप्तान ने 128 गेंद का सामना करते हुए नौ चौकों की मदद से 60 रन बनाए। इससे श्रीलंका का स्कोर एक विकेट पर 132 रन से छह विकेट पर 178 रन हो गया। धम्मिका प्रसाद (15) मिशेल स्टार्क का पहला शिकार बने। उन्होंने वेड को कैच थमाया।

इससे पहले सुबह वेड ने 158 गेंद में नाबाद 102 रन बनाए जिससे आस्ट्रेलिया ने 138 रन की बढ़त हासिल करने के बाद नौ विकेट पर 432 रन पर पारी घोषित की। वेड ने बर्ड (नाबाद 06) के साथ अंतिम विकेट के लिए 39 रन की अटूट साझेदारी करके अपना दूसरा टेस्ट शतक पूरा किया जिसके बाद कप्तान माइकल क्लार्क ने पारी घोषित की। हेराथ ने श्रीलंका की ओर से 95 रन देकर चार विकेट चटकाए। (एजेंसी)

First Published: Saturday, January 5, 2013, 15:54

comments powered by Disqus