'सफलता का कोई शार्ट कट नहीं होता' - Zee News हिंदी

'सफलता का कोई शार्ट कट नहीं होता'



रांची : भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने कहा कि किसी भी खेल में सफलता का कोई शार्ट कट नहीं होता। कड़ी मशक्कत और लगन से ही ट्राफियां और मेडल जीते जाते हैं। किसी पैरवी या शार्ट कट से इन्हें हासिल नहीं किया जा सकता।

 

झारखण्ड सरकार की तरफ से राष्ट्रीय खेलों के विजेताओं को ईनाम दिये जाने वाले कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि जब किसी खिलाड़ी को कोई पदक मिल जाता है तो उसे बैठना नहीं चाहिये बल्कि पदक मिलने के बाद उसकी जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। इसलिए खिलाड़ी को कड़ी मेहनत करके खेल के शिखर पर पहुंचना चाहिए।

 

बिरसा मुण्डा स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में धोनी ने अपना वादा याद दिलाते हुए कहा जब रांची में राष्ट्रीय खेल हो रहे थे उस दौरान मैंने इस कार्यक्रम में आने का वादा किया था और मैने वादा पूरा किया और मैं खिलाड़ियों को ईनाम दिए जाने वाले कार्यक्रम में आया हूं।

 

झारखण्ड में आयोजित राष्ट्रीय खेलों के पुरस्कार विजेता राज्य के खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार दिये जाने के इस कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री अजरुन मुण्डा ने की। इस अवसर पर उनके मंत्रिमण्डल के अनेक सहयोगी भी मौजूद थे। धोनी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने जो राष्ट्रीय खेल के लिए स्टेडियम बनाया था उसे स्थानीय खिलाड़ियों के लिए खेल देना चाहिए ताकि यहां के उपकरणों की मदद से स्थानीय खिलाड़ी अभ्यास कर सकें।

 

इस अवसर पर मुण्डा ने झारखण्ड की खेल प्रतिभाओं की प्रसंशा करते हुए कहा कि राष्ट्रीय खेलों के लिए यहां बनाए गए मेगा स्पोटर्स काम्पलेक्स को खेल मंत्रालय को सौंप दिया गया है और उन्हे राज्य के खिलाड़ियों के प्रतिभा निखारने के लिए इसका उपयोग करने को कहा गया है। (एजेंसी)

First Published: Saturday, December 10, 2011, 13:44

comments powered by Disqus