Last Updated: Saturday, January 5, 2013, 12:00

चेन्नई : सोमदेव देववर्मन और उक्रेन के उनके साथी सर्जेई स्टाखोवस्की की युगल क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड के संचल और सोंचत रतीवताना के हाथों शिकस्त के साथ एटीपी चेन्नई ओपन टेनिस टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई। थाईलैंड के रतीवताना बंधुओं ने भारत और उक्रेन की जोड़ी को कल देर रात 66 मिनट में 6-3, 7-5 से हराया।
आज सेमीफाइनल में रतीवताना बंधुओं का सामना आंद्रे बेगेमन और मार्टिन एमरिच की जर्मनी की जोड़ी से होगा। एक अन्य सेमीफाइनल में फ्रांस के बेनोइट पियरे और स्विट्जरलैंड के स्टेनिसलास वावरिंका को रूस के रावेन क्लासेन और अमेरिका के निकोलस मुनरो की जोड़ी का सामना करना है। सोमदेव की हार के साथ चेन्नई ओपन में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई।
इससे पहले भारत के महेश भूपति और कनाडा के डेनियल नेस्टर की शीर्ष वरीयता जोड़ी को क्लासेन और मुनरो की गैरवरीय जोड़ी के हाथों क्वार्टर फाइनल में 4-6, 5-7 से शिकस्त का सामना करना पड़ा था।
भारत के रोहन बोपन्ना और अमेरिका के राजीव राम को वावरिंका और पियरे ने हराया था। इसी जोड़ी ने इससे पहले सनम सिंह और विष्णु वर्धन की भारतीय जोड़ी को भी शिकस्त दी थी। लिएंडर पेस और फ्रांस के एडवर्ड रोजर वेसलीन भी पहले दौर में रतीवताना बंधुओं से बाहर गए थे। एकल में भारतीय चुनौती पहले ही समाप्त हो गई थी। (एजेंसी)
First Published: Saturday, January 5, 2013, 12:00