Last Updated: Saturday, August 4, 2012, 16:46
भोपाल : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भारत सरकार द्वारा हाकी को राष्ट्रीय खेल का दर्जा नहीं दिए जाने पर आश्चर्य व्यक्त किया है।
केन्द्रीय खेल मंत्री अजय माकन को लिखे पत्र में चौहान ने कहा कि उन्हें समाचार पत्रों में प्रकाशित यह समाचार पढ़कर दु:खद आश्चर्य हुआ कि खेल मंत्रालय द्वारा आरटीआई के अंतर्गत हाकी को राष्ट्रीय खेल का दर्जा नहीं दिया गया है।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने गौरवशाली इतिहास रखने वाले ‘खेल हाकी’ को राष्ट्रीय खेल का दर्जा न दिए जाने की जानकारी देकर देश के करोड़ों हाकी प्रेमियों को निराश किया है।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ साल में हाकी खेल जिस उपेक्षा का शिकार रहा है, उससे उबरने की कोशिश करना आवश्यक है ताकि हाकी के गौरव को पुन: हासिल किया जा सके।
शिवराज सिंह चौहान ने भारत सरकार से अनुरोध किया कि हाकी के गौरवशाली इतिहास को बनाए रखने के लिए हाकी को राष्ट्रीय खेल का दर्जा यथावत बनाए रखा जाए।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेल का दर्जा बनाए रखकर आधुनिकतम तकनीक की मदद से और अधिक सुदृढ़ बनाए जाने के सतत प्रयास आवश्यक हैं, तभी हम अपने खेल के गौरवशाली अतीत को पुनर्जीवित कर सकेंगे। (एजेंसी)
First Published: Saturday, August 4, 2012, 16:46