Last Updated: Tuesday, July 16, 2013, 09:49

रांची : भारतीय क्रिके टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अपने करीबी मित्र और हेलीकॉप्टर शॉट सिखाने वाले `गुरु` की मदद को आगे आए हैं। धोनी अपने करीबी मित्र संतोष लाल की हर संभव मदद कर रहे हैं जिन्हें अचेत अवस्था में इलाज के लिए दिल्ली भेजा गया। रणजी खिलाड़ी संतोष लाल अग्नाश्य संबंधित बीमारी से ग्रस्त हैं।
धोनी के मित्र और पूर्व प्रशिक्षक चचंल भट्टाचार्य ने बताया कि भारतीय कप्तान ने गंभीर रूप से बीमार चल रहे अपने बचपन के मित्र संतोष लाल का हालचाल पूछा। वह उनके अच्छे इलाज में हर संभव मदद कर रहे हैं। भट्टाचार्य ने बताया कि संतोष लाल को गंभीर हालत में एयर एंबुलेंस के जरिये दिल्ली भर्ती कराया गया है।
भट्टाचार्य ने बताया कि धोनी के अलावा संतोष लाल के अन्य मित्र भी उनकी मदद के लिए आगे आये हैं, सभी ने मिलकर उनके इलाज के लिए धन एकत्रित किया है। इस बीच झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के एक पदाधिकारी ने बताया कि संघ ने संतोष लाल के इलाज के लिए एक लाख रुपये की मदद की है जबकि संघ के सदस्यों ने आपस में 39,500 रुपये एकत्रित कर उनके परिजनों को दिये हैं।
धोनी ने उनके साथ रणजी ट्राफी के मैच खेले हैं और उन्होंने अनेक बार कहा है कि उन्होंने अपना प्रसिद्ध हेलीकॉप्टर शाट संतोष लाल से रणजी खेलने के दौरान सीखा था। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, July 16, 2013, 09:49