हैदराबाद टेस्ट : पारी की हार से बचना चाहेगा न्यूजीलैंड

हैदराबाद टेस्ट : पारी की हार से बचना चाहेगा न्यूजीलैंड

हैदराबाद टेस्ट : पारी की हार से बचना चाहेगा न्यूजीलैंड हैदराबाद : भारतीय क्रिकेट टीम के साथ राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में जारी पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन शनिवार को न्यूजीलैंड की टीम पारी की हार टालने को प्रयासरत है। फॉलोआन खेलने पर मजबूर हुई न्यूजीलैंड टीम ने अपनी दूसरी पारी में एक विकेट गंवा दिया है।

दूसरी पारी में न्यूजीलैंड ने 18 ओवर के खेल में एक विकेट के नुकसान पर 41 रन बनाए थे कि बारिश आरंभ हो गई। इसके बाद कोई खेल नहीं हो सका और अम्पायरों ने दिन का खेल खत्म करने की घोषणा कर दी। न्यूजीलैंड की टीम अब भी पहली पारी के आधार पर 238 रनों से पीछे है जबकि दो दिनों का खेल अभी बाकी है।

न्यूजीलैंड को दूसरी पारी में पहला झटका मार्टिन गुपटिल के रूप में लगा। गुपटिल ने 38 गेंदों में 16 रन बनाए। वह प्रज्ञान ओझा की गेंद पर पगबाधा करार दिए गए।

इससे पहले, रविचंद्रन अश्विन और प्रज्ञान ओझा की फिरकी में फंस कर कीवी टीम भारत के पहली पारी में बनाए गए 438 रनों के जवाब में 159 रनों पर ढेर हो गई। इस प्रकार पहली पारी में न्यूजीलैंड की टीम 279 रनों से पिछड़ गई, जिसके बाद भारत ने मेहमान टीम को फॉलोआन के लिए आमंत्रित किया। अश्विन ने छह जबकि ओझा ने तीन विकेट झटके। उमेश यादव के खाते में एक विकेट गया।

न्यूजीलैंड की ओर से हरफनमौला जेम्स फ्रेंकलिन पहली पारी में सबसे अधिक नाबाद 43 रन बना सके। तीसरे दिन का खेल मैदान का आउटफील्ड गीला होने के कारण एक घंटे की देरी से शुरू हुआ।

न्यूजीलैंड ने दूसरे दिन शुक्रवार का खेल खत्म होने तक पांच विकेट पर 106 रन बनाए थे। कल के नाबाद लौटे बल्लेबाज फ्रेंकलिन (31) और विकेट कीपर बल्लेबाज क्रूगर वान वैक (शून्य) ने तीसरे दिन के खेल की शुरुआत की।

वैक अपनी कल की निजी रन संख्या में बिना कोई इजाफा किए उमेश यादव की गेंद पर पगबाधा आउट होकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद डग ब्रेसवेल भी 17 रन बनाकर आउट हो गए।

ब्रेसवेल को प्रज्ञान ओझा की गेंद पर विकेट कीपर महेंद्र सिंह धौनी ने स्टम्प किया। जीतन पटेल को 10 रन के निजी योग पर रविचंद्रन अश्विन ने अपनी ही गेंद पर कैच आउट किया।

ट्रेंट बोल्ट भी अश्विन के शिकार हुए। अश्विन ने बोल्ट को चार रन के निजी योग पर गौतम गम्भीर के हाथों कैच कराया। क्रिस मार्टिन को अश्विन ने अपना छठा शिकार बनाया। अश्विन ने मार्टिन को शून्य के निजी स्कोर पर बोल्ड कर दिया।

उल्लेखनीय है कि न्यूजीलैंड की ओर से दूसरे दिन केन विलियमसन 32, ब्रैंडन मैक्कलम 22, डेनियल फ्लिन 16, मार्टिन गुपटिल और कप्तान रॉस टेलर दो-दो रन बनाकर आउट हुए थे। (एजेंसी)

First Published: Saturday, August 25, 2012, 18:54

comments powered by Disqus