Last Updated: Friday, August 24, 2012, 15:25

हैदराबाद : चेतेश्वर पुजारा और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के बीच शतकीय साझेदारी से भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट क्रिकेट मैच के दूसरे दिन आज यहां अपनी पहली पारी में 438 रन बनाए। भारतीय टीम के आउट होते ही चाय का विश्राम ले लिया गया। भारत ने खराब मौसम के कारण 26 मिनट देर से शुरू हुए खेल में 5 विकेट पर 307 रन से अपनी पारी आगे बढ़ाई। भारत को पुजारा और धोनी के बीच छठे विकेट के लिए 127 रन की साझेदारी का फायदा मिला जिससे वह मजबूत स्कोर तक पहुंच पाया। पुजारा ने 306 गेंद का सामना करके 19 चौकों और एक छक्के की मदद से 159 रन की बेहतरीन पारी खेली। वह लंच के बाद आउट हुए। धोनी ने दूसरे छोर से उन्हें अच्छा सहयोग दिया। भारतीय कप्तान ने 147 गेंद पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से 73 रन बनाए। यह उनका 68 टेस्ट मैच में 25वां अर्धशतक है। रविचंद्रन अश्विन ने 54 गेंद पर पांच चौकों की मदद से 37 रन बनाए। उमेश यादव के चाय के विश्राम से ठीक पहले रन आउट होने से भारतीय पारी का अंत हुआ। न्यूजीलैंड की तरफ से ऑफ स्पिनर जीतन पटेल सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 100 रन देकर चार विकेट लिए जबकि ट्रेंट बोल्ट ने 93 रन देकर तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। राहुल द्रविड़ और वीवीएस लक्ष्मण के संन्यास के बाद पहला मैच खेल रहे भारत को न्यूजीलैंड के कमजोर आक्रमण के सामने किसी तरह की परेशानी नहीं हुई।
इससे पहले, भारत ने पहले दिन के खेल की समाप्ति पर पांच विकेट पर 307 रन बनाए थे जिनमें विराट कोहली 58, विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग 47, गौतम गम्भीर 22, सचिन तेंदुलकर 19 और सुरेश रैना के तीन रन शामिल हैं। (एजेंसी)
First Published: Friday, August 24, 2012, 10:32