Last Updated: Wednesday, September 12, 2012, 19:11
नई दिल्ली : लंदन ओलंपिक टीम के 16 सदस्यों समेत भारत के 90 सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी अगले महीने पहली हॉकी इंडिया लीग के लिए होने वाली खिलाड़ियों की नीलामी का हिस्सा होंगे। हॉकी इंडिया के महासचिव और हॉकी इंडिया लीग के अध्यक्ष नरिंदर बत्रा ने आज कहा कि भारत के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों ने लीग के साथ करार किया है। इनमें 10,000 रुपए प्रतिमाह भत्ता पाने वाले 32 जूनियर खिलाड़ी शामिल हैं।
बत्रा ने एक बयान में कहा, ‘हमें खुशी है कि भारत के शीर्ष खिलाड़ी हॉकी इंडिया लीग के दौरान दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ खेल सकेंगे।’ लीग के साथ करार करने वाले खिलाड़ियों में 14 फुलबैक हैं जिनमें ड्रैग फ्लिकर संदीप सिंह, वी.आर. रघुनाथ, गोलकीपर भरत छेत्री और पी आर श्रीजेश शामिल हैं। मिडफील्डरों में सरदार सिंह, शिवेंद्र सिंह, एस.वी. सुनील समेत 25 खिलाड़ियों ने करार किया है। बत्रा ने कहा, ‘हम हॉकी इंडिया लीग की प्रगति से खुश हैं। सहारा इंडिया, जेपी समूह और यूनिएक्सेल समूह ने क्रमश: लखनऊ, पंजाब और रांची टीम खरीद ली है। बाकी तीन फ्रेंचाइजी का ऐलान भी जल्दी होगा।’ (एजेंसी)
First Published: Wednesday, September 12, 2012, 19:11