Last Updated: Monday, November 28, 2011, 03:11
जोहांसबर्ग : स्टार खिलाड़ी संदीप सिंह और स्ट्राइकर एसवी सुनील के शानदार खेल की बदौलत रविवार को भारतीय हॉकी टीम ने चैम्पियंस चैलेंज टूर्नामेंट में मेजबान दक्षिण अफ्रीका को 7-4 से मात दे दी।
भारत की ओर से संदीप और सुनील ने दो-दो गोल दागे। पूल-ए के लीग मैच में भारतीय खिलाड़ियों ने सभी अवसरों को बखूबी भुनाया और दक्षिण अफ्रीका की रक्षा पंक्ति को तितर-वितर कर दिया। खेल के 55 मिनटों तक दोनों टीमें 4-4 की बराबरी पर थीं, लेकिन इसके बाद भारतीय टीम ने अपनी रक्षा पंक्ति को मजबूत रखते हुए विपक्षी टीम के खिलाफ तीन और गोल दाग दिए।
संदीप ने 14वें और 35वें मिनट में दो पेनेल्टी कॉर्नर को बड़ी ही खूबसूरती के साथ गोल में तब्दील कर दिया। सुनील का खेल भी दर्शनीय रहा। उन्होंने खेल के 55वें मिनट में तुषार खांडेकर के एक बेहतरीन पास को गोल में तब्दील करने में कोई भी चूक नहीं की। इसके बाद 66वें मिनट में उन्होंने एक और गोल पेनेल्टी कॉर्नर के जरिए किया।
इस जीत के साथ ही भारत के दो मैचों में चार अंक हो गए हैं। बेल्जियम के पास भी चार अंक हैं। भारत के साथ कल 3-3 से ड्रा खेलने वाली बेल्जियम की टीम ने आज पोलैंड को 7-3 के भारी अंतर से हरा दिया। (एजेंसी)
First Published: Monday, November 28, 2011, 09:56