गुरुदेव रविंद्रनाथ टैगोर की विरासत - Zee News हिंदी

गुरुदेव रविंद्रनाथ टैगोर की विरासत


राकेश उपाध्याय
भारत की चिरंजीवी-अखंड जीवन शक्ति का रहस्य क्या है, गुरुदेव रविंद्र नाथ टैगोर की 80 साल की जीवन यात्रा के कुछ पन्ने खंगालकर इसे जाना जा सकता है। गुरुदेव उस दौर में पैदा हुए, जब देश न सिर्फ राजनीतिक तौर पर गुलाम था बल्कि उसकी प्रतिभा, बौद्धिक क्षमता, उसका संपूर्ण पौरुष और पराक्रम सदियों की गुलामी से कुंठित और मटियामेट था, जिसे बाद में अंग्रजों और उनके देसी चारणवर्ग ने देश को आत्मग्लानि से डूब मरने की झिड़की का औज़ार बना लिया। गुरुदेव जब पैदा हुए तो 1857 की क्रांति को बस कुछ ही साल बीते थे, देश नई बौद्धिक और राजनीतिक क्रांति के मुहाने पर खड़ा था।

 

बंगाल से उठी नवजागरण की आंधी
उस घनघोर निराशा-काल में बंगाल से रोशनी निकली, देखते-देखते पंजाब, महाराष्ट्र, तमिलनाडु होते हुए समूचे देश में पुनर्जागरण का रूप ले लिया। कई सौ सालों की गुलामी की मार से त्रस्त देश का बौद्धिक वर्ग जागा तो उसने गजब क्रांति कर डाली। इस बौद्धिक क्रांति ने ऐसा डंका बजाया समूचा देश नींद से जाग उठा। सबसे बड़ा सवाल देश खुद से पूछने लगा कि कि जब तुम्हारी रोशनी से कई जहां रोशन हो चुके हैं तो फिर तुम अंधेरे में क्यों जी रहे हो ?

 

गुरुदेव को वही रोशनी विरासत में मिली। उनके पिता देवेंद्रनाथ टैगोर महर्षि थे, राजा राम मोहन राय के अहम मित्रों में शुमार, ब्रह्म समाज के संस्थापकों में अग्रणी। ब्रिटिश भारत की राजधानी कोलकाता में उनका निवास 18वीं सदी में आध्यात्मिक विभूतियों, अंग्रेज अफ़सरों, बौद्धिक चिंतकों और बड़े व्यापारियों के लिए बहुत जाना-पहचाना था। दरअसल गुरुदेव के दादा द्वारिका नाथ ठाकुर खुद भी बड़ी शख्सियत थे, विरासत से ज़मींदार थे लेकिन मन से संत सरीखे।

 

18 वीं सदी में नवजागरण का जो सूर्य बंगाल में उगा था, उससे देश को जो महान ऊर्जा मिली, उसने आजतक राह रोशन कर रखी है। 2012 रविंद्रनाथ टैगोर के जन्म का 150वां साल है तो अगले साल स्वामी विवेकानंद का 150वां जन्मवर्ष । लेकिन इन जन्मसदियों के शोर में क्या हम सदियों पहले बंगाल से निकले क्रांति-संदेश को सुन-समझ रहे हैं? सवाल है कि आगे का रास्ता कैसे रोशन होगा, कौन करेगा?

 

गुरुदेव, तुम्हें पाकर युग निहाल हो गया
गुरुदेव ने उस वक्त में कविता-संगीत-रंगमंच-शिक्षा समेत साहित्य और संस्कृति को इतना कुछ दिया कि युग निहाल हो गया, वो भी तब जबकि देश-दुनिया में यूरोप की चकाचौंध थी। लंदन में विलियम आर्चर जैसे साहित्य समीक्षक भारत के पूरे ज्ञान-विज्ञान, दर्शन, धर्म, काव्य, चित्रकला, मूर्तिकला, वेद-उपनिषद, रामायण, महाभारत की विरासत को ‘ अवर्णनीय बर्बरता के घृणास्पद स्तूप’ कहकर भारतीयों को  अंग्रेजी धर्म और सभ्यता का लबादा ओढ़ने की सलाह दे रहे थे। एक तरह से भारत की पूरी ज्ञान विरासत ‘ मिथक’ के तौर पर प्रचारित कर मनोरंजन और उपहास का विषय बना दी गई थी।

 

गुरुदेव रविंद्रनाथ टैगोर ने तब दुनिया को बताया कि भारत का साहित्यकार क्या है, भारत का मन क्या है, वो कैसे सोचता है, वो प्रकृति को कैसे देखता है, संसार के कण-कण के लिए उसके मन में कितना प्यार समाया है। 1893 में शिकागो के विश्व धर्म सम्मेलन में स्वामी विवेकानंद ने दुनिया को भारत की समृद्ध आध्यात्मिक विरासत का परिचय दे दिया था। दो दशक बाद 1912 में जब लंदन में गुरुदेव के काव्य गीतांजलि का प्रकाशन हुआ तो विलियम आर्चर जैसे समीक्षक को भी जवाब मिल गया। उस दौर के बड़े यूरोपीय साहित्यकार डब्ल्यू बी यीट्स ने उसी वक्त लिखा कि ‘ बेजोड़ है गीतांजलि। यूरोप में ऐसी कविताएं लिखने वाला रचनाकार कम से कम मुझे तो नहीं मिला।’ स्वीडिश एकेडमी ने गुरुदेव को नोबेल पुरुस्कार से सम्मानित करने का फैसला 1913 में लिया तो तय हो गया कि यीट्स गलत नहीं थे।   स्वामी विवेकानंद और गुरुदेव रविंद्र नाथ टैगौर, दोनों ने दुनिया में भारत की नंगे-भूखे और पिछड़े देश की प्रचारित छवि बदलकर रख दी।

 

गुरुदेव गैरराजनीतिक शख्सियत थे, जीवन भर उन्होंने साहित्य-कला की साधना की। 70 साल की उम्र में उन्होंने चित्रकारी शुरु की, उनका पथ दैव निर्धारित था। लिहाज़ा जिस काम के लिए वो दुनिया में आए थे, भारतीय नवजागरण का वो काम करके वो चुपचाप चले गए। उन्होंने सही अर्थ में बताया कि विश्वमानव क्या होता है ? उन्हें अपनी मातृभूमि-जन्मभूमि से असीम प्यार था लेकिन उतनी ही मोहब्बत वो पूरी क़ायनात से करते थे। उनके जीवन और कविताओं पर उपनिषदों के इस महान संदेश पूरा असर था कि समूचा संसार उस अनंत-असीम की लीला  है जिसे वेदों ने नेति-नेति कहकर पुकारा । उसी असीम की प्रकाशमय झलक एक दिन उन्हें सुबह-सुबह गंगा किनारे उगते सूर्य के जरिए मिली, तो उन्हें मुक्ति का वो रास्ता दिख गया, जिसे जानने के लिए जन्म-जन्मांतर अनवरत यात्रा पर चलना पड़ता है। ये वो वक्त था जब 19वीं सदी का सूर्योदय हो रहा था, भारत में सदियों की गुलामी का अंधेरा छंटता दिखने लगा था।

 

जीवन पथ के कांटे गीत बन गए
गुरुदेव ने पढ़ाई के लिए स्कूली शिक्षा का सहारा नहीं लिया, वो कुदरत की सुषमा, पेड़-पौधों, बाग-बगीचों, खेत-खलिहानों के सौंदर्य के बीच ही खेलते-पढ़ते, गाते-गुनगुनाते बड़े हुए। 8 साल की उम्र में पहली कविता लिखी, पिता महर्षि देवेंद्रनाथ के साथ छोटी उम्र में महीनों तक हिमालय और तीर्थों का भ्रमण किया, पिता ने छोटी उम्र में उन्हें उपनिषदों का ज्ञान कराया। बड़े हुए तो ऊंची पढ़ाई के लिए लंदन गए लेकिन बगैर डिग्री हासिल किए भारत लौट आए। 1881 में उनका विवाह मृणालिनी देवी से हुआ जिनके साथ शुरुआती आनंदमय जीवन उन्होंने अपने दादा की इस्टेट सियालदह में बिताया। खेती, बाग-बागवानी के पैतृक काम को संभाला लेकिन ज्यादा वक्त तक ये नहीं चला। पत्नी असमय ही साथ छोड़कर चली गईं, बेटी रेणुका और बेटा क्षेमेंद्र की अकाल मौत ने उन्हें नीरव एकांत में ये सोचने को मजबूर किया कि जीवन का वास्तविक सत्य क्या है? असल आनंद कहां है? वो उजाला क्या है जिसे पाकर फिर कुछ पाना शेष नहीं रहता?  पत्नी और दो बच्चों की विदाई के दुख से गुरुदेव उबर पाते की पिता देवेंद्र नाथ भी 1905 में उनका साथ छोड़ दिया।

 

गुरुदेव के जीवन को डूबोने आंसुओं का सैलाब सामने था। लेकिन वाह रे महामानव, नियति से गुरुदेव की मुलाक़ात ऐसी हुई कि आज संसार गवाह है कि महान विचारों और विशाल-सुंदर मन का एक मनुष्य उनके बीच 80 साल रहकर चला गया।   डूबने की बजाए दुःखों में से सारे संसार को पार लगाने का महान जीवन संदेश उन्होंने खोज निकाला। गुरुदेव के अन्तर्मन से कविता का निर्झर सरित-प्रवाह और तेजी से बहने लगा। कुदरत की हर छटा, जीवन के हर आयाम को गहराई से गुरुदेव ने देखा, समझा और ईश्वर की लीला को प्रणाम किया, संसार का कण-कण में उन्हें बस उसी अन्तर्यामी के ही दर्शन हुए। सारे भेद मिट गए...संसार का कण-कण उनके कवित्त-कर्म का हिस्सा बन चुका था। वेदकाल से जो विरासत हिंदुस्तान को मिली, उसे कलम-कूची से संवार कर गुरुदेव ने आधुनिक साहित्य का अंग बना दिया।

 

विश्वमानवता के कल्याण के लिए आजादी
गुरुदेव अंतरात्मा से विश्वमानव थे लेकिन सवाल भारत की आजादी का खड़ा हुआ तो उन्होंने सब कुछ दांव पर लगा दिया क्योंकि उनके लिए मातृभूमि की आजादी मानवता की मुक्ति का सवाल था।   1919 में जब जलियांवाला बाग हत्याकांड हुआ तो गुरुदेव ने ब्रिटेन के सर्वोच्च नागरिक सम्मान नाइटहुड की उपाधि वापस कर दी। वॉयसराय को कड़ा पत्र लिखकर यूरोपीय सभ्यता के अमानवीय चेहरे को बेपर्दा कर दिया। उन्होंने भारतीय आजादी के समूचे आंदोलन को रास्ता दिखाया। दक्षिण अफ्रीका में गांधीजी को सत्याग्रह के वक्त अपने विदेशी मित्रों से मदद पहुंचवाई। 1915 में गांधीजी देश लौटे तो उनसे मिलने शांति निकेतन गए। वहीं पर पहली बार उन्हें गुरुदेव ने ‘ महात्मा ’ कहकर संबोधित किया तो गांधीजी ने भी उन्हें ‘ गुरुदेव ’ कहकर शीश नवाया। नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन को भी गुरुदेव ने राह दिखाई। प्रेसीडेंसी कॉलेज में पढ़ते वक्त भारत विरोधी प्राध्यापक की नेताजी ने पिटाई की तो उन्हें कॉलेज से निकाल दिया गया। गुरुदेव सुभाष बोस के साथ खड़े हुए। उनका निष्कासन वापस करने के लिए न सिर्फ गवर्नर को चिट्ठी लिखी बल्कि प्रोफेसर के आचरण की निंदा करते हुए सुभाष बोस को सही ठहराया। गांधीजी और सुभाष बोस को मिलाने का काम गुरुदेव ने किया और जब दोनों के बीच मतभेद बढ़े तो हरक़दम सुलझाने की कोशिश की। नेताजी ने कांग्रेस से अलग होकर फॉरवर्ड ब्लॉक बनाया तो गुरुदेव ने आशीर्वाद भी दिया, हालांकि वो नेताजी को कांग्रेस में ही देखना चाहते थे, उनकी ये इच्छा पूरी होती, उसके पहले ही नेताजी देश छोड़कर विदेश चले गए।

 

गुरुदेव ने नोबेल पुरुस्कार में मिला सारा धन और अपनी पैतृक संपत्ति का बड़ा हिस्सा शांति निकेतन स्कूल खड़ा करने में लगाया जहां कोमल मनों को तमाम बंधनों से मुक्त रहकर असल मनुष्य के रूप में गढ़ने का अनूठा काम शुरु हुआ। 1940 में जब गांधी जी उनकी बीमारी का हाल जानने शांति निकेतन पहुंचे तो गुरुदेव ने उनसे कहा था कि बापू, मेरे जाने के बाद शांति निकेतन को अपना समझकर वैसे ही संभालिएगा जैसे मैं संभालता आया। उनके जाने के बाद पंडित नेहरु ने अपनी जेलडायरी में जो लिखा वो अब इतिहास की धरोहर है-‘ मेरे जीवन का सौभाग्य की मुझे गांधी और गुरुदेव के साथ रहने का मौका मिला, दुनिया में इन दोनों से बढ़कर महामानव मैंने नहीं देखा।’

7 अगस्त 1941 को गुरुदेव ने शरीर छोड़ दिया। 7 मई 1961 को जो जीवन ज्योति जली, वो तो बुझ गई लेकिन जो विरासत वो छोड़ गए, उसके आलोक में मानवता आज भी अपना भविष्य तलाश रही है। वो नवविहान कभी तो हर जीवन में आएगा जिसके साक्षी गुरुदेव बने।
(लेखक ज़ी न्यूज़ से जुड़े हैं)

First Published: Wednesday, May 16, 2012, 16:50

comments powered by Disqus