Last Updated: Saturday, December 24, 2011, 10:03
संजीव कुमार दुबे राजधानी दिल्ली सहित देश के कई हिस्सों में कंपकपा देनेवाली सर्दी पड़ रही है। दूसरी तरफ लेह-लद्दाख और कश्मीर का पारा शून्य से 12 डिग्री नीचे जा पहुंचा है। जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में तेजी से लुढ़कते पारे ने कुल्फी जमा दी है। सुबह की कंपकपाती ठंड और रात में फिर बिछ जाती है कोहरे की चादर।
हर तरफ सर्दी और ठिठुरती ठंड का आलम है, लेकिन नेट की दुनिया में सनी लियोन अब भी हॉट हैं, हिट हैं जो लगातार सुर्खियां बटोरती जा चली जा रही है। उनके बढ़ते हिट इस बात की तस्दीक करते हैं कि वह सही मायने में नेट की दुनिया में हॉट बन चुकी हैं। आप समझ तो गए ही होंगे कि मैं बात उन्हीं मोहतरमा की कर रहा हूं जो कनाडा की मशहूर पॉर्न फिल्म स्टार है। फिलहाल वह बिग बॉस- 5 सीजन में शामिल होकर लोगों का मनोरंजन कर रही हैं।
सनी लियोन के बारे में मेरी मालूमात बहुत ज्यादा नहीं है। बस इतना ही कि वह नामचीन पॉर्न स्टार हैं। मेरा इरादा उन्हें महिमामंडित करने का नहीं है। मैं सनी को लेकर सिर्फ खबरों की बात करुंगा। खबरों की दुनिया से ही मेरा वास्ता है। खबरें लिखना, खबरों को अपलोड करना मेरी नौकरी का हिस्सा है, यह मुझे रोज करना पड़ता है क्योंकि मैं न्यूज वेब पोर्टल में जो काम करता हूं। सनी पर बनाई गई, उनपर लिखी गई खबरों और तस्वीरों ने जो सनसनी मचाई, तहलका मचाया उसे देखकर मैं भी हैरान हूं। आम तौर पर पोस्ट (अपलोड) की जाने वाली खबरों की रफ्तार लोकल ट्रेन की तरह होती है जो हर स्टेशन और सभी हॉल्ट पर रुकती चलती है। यानी इन खबरों की हिट अर्थात इन्हें पढ़ने वालों की संख्या बहुत ज्यादा नहीं होती है। गाहे-बगाहे इन खबरों पर हिट थोड़ी बढ़ती है तो चमत्कार सा लगने लगता है।
लेकिन सनी लियोन की खबरों के साथ ऐसा नहीं है। मुझे याद है कि जब बिग बॉस सीजन-5 में अधिकारिक रूप से सनी लियोन के आने की खबर आई तो बॉस ने मुझसे ये खबर बनाने को कहा। उन्होंने कहा- संजीव जी कोई पोर्न स्टार है सिनी लियोन, बिग बॉस में आ रही है, जरा खबर बनाकर डाल दीजिएगा। मैंने वह खबर बनानी शुरू की। बॉस ने फिर कहा, खबर बढ़िया से बनाइएगा गूगल तान देगा। जब खबर बनकर तैयार हुई तब फोटो चुनने की बारी आई।
मैंने गूगल पर सर्च किया। सनी की मादक तस्वीरें ये बता रही थी कि उत्तेजना पैदा करने में इनका कोई सानी नहीं है। मैंने बड़ी मुश्किल से डरते-डरते एक फोटो चूज किया और बॉस को दिखाया भी। बॉस समझ गए कि मैं घबरा रहा हूं। उन्होंने हौसला बढ़ाया और कहा- एकदम लगा दीजिए,कोई दिक्कत नहीं है। अब उसका पेशा ही वहीं है तो हम लोग क्या कर सकते हैं। ऐसी खबरों को लगाने में थोड़ी सावधानी इसलिए बरतनी होती है कि आप जिस तस्वीर को चुन रहे होते हैं उसपर कोई आपत्ति ना जता दें। इन सबका ध्यान खबरों की दुनिया में रखना होता है। मैंने न्यूज लगाई और हेडिंग दी, 'बिग बॉस-5 में दिखेगा पोर्न स्टार सनी लियोन का जलवा'। बॉस ने खबर देखी और उसे मनोरंजन के सेक्शन में फिक्स करने को कहा। खबर को फिक्स करना यानी अमुक कैटेगरी में वह खबर सबसे ऊपर दिखती रहती है। लिहाजा व्यूअर यानी पाठक सबसे पहले उसी खबर को पढ़ना चाहता है जो सबसे ऊपर लगी होती है।
उसके बाद दूसरी खबरों को एक-एक कर लगाता चला गया और कुछ देर बाद मेरी शिफ्ट का अवसान होने का वक्त आ गया। कंप्यूटर शट डाऊन करने के दौरान यूं ही मन में ख्याल आया- यार जरा ये सनी लियोन को देखूं तो सही कोई पढ़ भी रहा है या नहीं। मैं हैरान रह गया। सनी को एक घंटे के भीतर हजार से भी ज्यादा लोगों ने पढ़ लिया था। फिर मैं गूगल पर गया। गूगल सनी लियोन की उसी खबर को टॉप पर चिपकाए बैठा था जो मैंने लगाई थी। खबर इस कदर हिट हो गई थी कि सेक्शन में वह खबर सबसे ऊपर रातभर रही। अगले दिन मेरी शिफ्ट सुबह ही थी। मैने सुबह आते ही सबसे पहले गूगल देखा। मैं हैरान हो गया। गूगल पर वह स्टोरी वहीं विराजमान थी जहां मैं उसे पिछले शिफ्ट में देखकर गया था। फिर मैंने उस स्टोरी के हिट्स को देखा। वह भी ताबड़तोड़ दूसरी खबरों को पछाड़ते हुए तेजी से आगे बढ़ती जा रही थी और लोकप्रिय सेक्शन में सबसे ऊपर विराजमान हो गई थी।
मैने सोचा, यार ये तो हद हो गई। मैं खबरों की दुनिया में रहकर भी जिसे नहीं जानता था उसे पढ़ने और देखने के लिए इतने लोग आखिर लालायित कैसे हैं। कुछ दिन बाद ही मेरे एक कलिग ने सनी लियोन की गैलरी लगाई। मैं समझ गया सनी की खबर गूगल पर हंगामा मचाती रहेगी। तस्वीरों से रू-ब-रू होने के इस सेक्शन में लोग सनी को देखने के लिए इस कदर टूट पड़े कि आज की तारीख में सबसे ज्यादा जो तस्वीरों की गैलरी इस न्यूज साइट
(zeenews.com/hindi) पर देखी गई वह सनी लियोन की गैलरी है। इस गैलरी का नाम सनी लियोन की अदाएं है। कुछ दिनों बाद भी भी सनी लियोन की मुझे एक खबर लगाने को मिली। उस खबर ने भी तहलका मचाया और सभी खबरों को पछाड़ते हुए हिट और व्यूज के मामले में उसने खुद को सबसे ऊपर ला खड़ा किया। गूगल पर भी इस खबर की कई घंटों तक तूती बोलती रही।
इंटरनेट की दुनिया में कई चीजें अनोखी होती है जिससे कई लोग पहली बार रू-ब-रू होते हैं। लेकिन खबरों की दुनिया में सनी लियोन के जरिए ही मैंने जाना कि कैसे सनी सेकेंडों में सौ और मिनटों में हजार के आंकड़े को पार कर अपनी अहमियत दर्ज कराती नजर आती है। सनी लियोन क्या है और उनका पेशा क्या है मैं इस बहस-मुबाहिसे में नहीं पड़ना चाहता। मैं सिर्फ यही कह रहा हूं कि लियोन को जानने, उन्हें देखने और पढ़ने की ललक अजीबो-गरीब है। बिग बॉस में सनी लियोन की जब से एंट्री हुई है, इंटरनेट पर उन्हें सर्च कर उनके वीडियोज देखने वालों की बाढ़ आ गई है| सनी ने गूगल पर सर्चिंग के मामले में बॉलीवुड की खूबसूरत अदाकारा ऐश्वर्या राय और कैटरीना कैफ तक को भी पीछे छोड़ दिया है| उन्हें इंटरनेट पर फैंस ने कैटरीना और ऐश्वर्या राय से भी ज्यादा सर्च किया है| गूगल की रिपोर्ट ने खुलासा किया है कि भारत में सनी लियोन के चाहने वालों की सबसे ज्यादा संख्या नोएडा में है। इसके बाद भुवनेश्वर, लुधियाना और भोपाल है। गूगल की सर्च रिपोर्ट कहती है कि मात्र 14 सेकेंड में 1 करोड़ 10 लाख लोगों ने सन्नी को सर्च किया है।
ये आंकड़े इस बात के गवाह हैं कि सनी नेट की दुनिया में हॉट है। जब वह खबरों की दुनिया में आती है तो सबको पीछे छोड़ जाती है। उनकी चाल राजधानी और शताब्दी जैसी नहीं बल्कि जापान में चलनेवाली बुलेट ट्रेन की तरह है जो पलक झपकते ही मीलों का सफर तय कर लेती है। सनी नेट की दुनिया में छा रही है। बिग बॉस-5 में एंट्री के बाद उनके फैंस करोड़ों में हो गए हैं। लेकिन खबरों के इस सफरनामे में मैं शुक्रगुजार हूं सनी लियोन का, जिनसे जुड़ी खबरों ने तहलका मचाया है। अपनी हिट्स के जरिए पिछले कई कीर्तिमानों को ध्वस्त किया है। इंटरनेट के माध्यम में खबरों के पोपुलर होने का आधार यह होता है कि लोग अमुक खबर को कितना पढ़ रहे हैं। उस खबर पर हिट्स कितनी है यानी व्यूज कितने हैं। सनी लियोन खबरों को पढने के मामले में खरी उतरती है। वह सेंकेंडों में उड़ान भरती है और मिनटों में इंटरनेट और गूगल के आसमान पर छा जाती है। वह खबरों की दुनिया में उस रंग-बिरंगी आतिशबाजी की तरह है जिसके छूटने के बाद आसमान कई घंटों तक रंग-बिरंगी रोशनियों से नहा जाता है।
First Published: Saturday, January 14, 2012, 07:55