18 नए ग्रहों का पता लगा - Zee News हिंदी

18 नए ग्रहों का पता लगा

वाशिंगटन : खगोलविदों ने ब्रह्मांड में 18 नए ग्रहों का पता लगाने का दावा करते हुए कहा है यह सूर्य से विशाल तारों के इर्दगिर्द पाए जाने वाले सबसे बड़े ग्रह हैं।

 

केलीफोर्निया प्रौद्योगिकी संस्थान के वैज्ञानिकों के नेतृत्व वाले एक दल ने ‘द एस्ट्रोफिजिकल जर्नल सप्लीमेंट सिरीज’ में इनका उल्लेख किया है। दल के अगुआ जान जानसन ने कहा, ‘‘केपलर मिशन की खोज के बाद यह सूर्य से विशाल तारों के इर्दगिर्द कक्षा में पाये जाने वाले ग्रहों के बारे में सबसे बड़ी घोषणा है।’’ हवाई में केक बेधशाला टेक्सास में मैक्डोनाल्ड बेधशाला और एरीजोना में फेअरबार्न बेधशाला के इस्तेमाल से खगोलविदों ने करीब 300 तारों का निरीक्षण कर यह पता लगाया।

 

उन्होंने अपना ध्यान सूर्य से डेढ़ गुना से भी विशाल तारों पर केन्द्रित किया जिन्हें ‘रिटायर्ड ’ ए-टाइप नाम दिया गया । इन तारों ने अभी अभी अपने जीवन का मुख्य चरण पूरा किया है लिहाजा उन्हें ‘रिटायर्ड ’ संज्ञा दी गई।

 
दल का दावा है कि जो 18 ग्रह नजर आए हैं उनका द्रव्यमान बृहस्पति के बराबर है। जानसन के अनुसार इस खोज से विशाल तारों की परिक्रमा करने वाले ज्ञात ग्रहों की संख्या में 50 प्रतिशत इजाफा हुआ है। जानसन ने कहा कि इन खोजों से यह जानने में मदद मिलती है कि ग्रह और हमारा खुद का सौर मंडल कैसे बनता है । इससे उस सिद्धान्त को बल मिलता है कि नवजात तारे के आसपास की गैस और धूल कणों से ये विकसित होना शुरू करते हैं। (एजेंसी)

First Published: Saturday, December 3, 2011, 16:42

comments powered by Disqus