Last Updated: Sunday, July 1, 2012, 20:47

न्यूयार्क : अमेरिका की कम्पनी `परपेचुआ` ने शरीर के तापमान से इलेक्ट्रानिक मशीन को चार्ज करने का तरीका इजाद किया है। यह कम्पनी हरित विद्युत स्रोत के लिए काम करती है।
`फॉक्स न्यूज` के मुताबिक, इस सप्ताह न्यूयार्क में हुए एक तकनीकी कार्यक्रम के दौरान `परपेचुआ` ने शरीर से मशीन चार्ज करने का तरीका दिखाया।
यह कोई नया तरीका नहीं है। यह तकनीक दो सौ साल पहले भौतिकवादी थॉमस जोहानन सीबेक के खोजे गए सिद्धांत पर आधारित है। सीबेक ने पाया था कि वस्तुओं के संयोजन, जिसको एक हिस्सा गर्म और एक ठंडा रहता है, से बिजली पैदा होती है।
मनुष्य के शरीर का तापमान 98.6 डिग्री फॉरनहाइट होता है, जो आम तौर पर इसके आसपास चल रही हवा से ज्यादा गर्म होता है। इसलिए `परपेचुआ` ने हाथ पर बांधने वाला बैंड बनाया है जिसे जल्द ही कलाई में बांधने वाले बैंड में तब्दील कर दिया जाएगा। इससे स्मार्टफोन तो नहीं, लेकिन ब्लूटूथ जैसे छोटे इलेक्ट्रानिक उपकरण चार्ज किए जा सकेंगे।
परपेचुआ के मार्केटिंग उपाध्यक्ष जेरी वियेंट ने बताया कि ब्लूटूथ जैसे उपकरणों को चार्ज करने के लिए सिर्फ 2 वोल्ट की आवश्यकता होती है।
उन्होंने कहा कि इतने कम पॉवर का इस्तेमाल पारम्परिक घड़ी के साथ-साथ हृदय की निगरानी करने वाले चिकित्सा व फिटनेस उपकरण को चार्ज करने में भी हो सकता है।
परपेचुआ ने ये उत्पाद अभी अमेरिकी सरकार के लिए बनाए हैं। लेकिन उसका अगला लक्ष्य इसे आम उपभोक्ताओं के लिए तैयार करना है। (एजेंसी)
First Published: Sunday, July 1, 2012, 20:47