आसमां में दिखा पूर्ण चंद्र ग्रहण का बेजोड़ नजारा - Zee News हिंदी

आसमां में दिखा पूर्ण चंद्र ग्रहण का बेजोड़ नजारा

नई दिल्ली : साल के अंतिम पूर्ण चंद्रग्रहण के दौरान शनिवार को चंद्रमा पृथ्वी की छाया से ढंकता चला गया और उसकी दूधिया रोशनी तांबी, चमकीले नारंगी रंग में बदल गई। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत पूरे देश में इस अद्भुत नजारे को देखा गया।

 

राष्ट्रीय राजधानी में साफ आसमां में शाम 5.02 बजे के बाद पूर्ण चंद्रमा धीरे-धीरे पृथ्वी की छाया में प्रवेश करने लगा। नेहरू तारामंडल की निदेशक एन. रत्नाश्री ने कहा, ‘चंद्र ग्रहण शाम 5.02 बजे शुरू हुआ और इसे नंगी आंखों से देखा जा सका।’ नेहरू तारामंडल और इंडिया गेट में खगोलशास्त्री और आकाशीय घटनाओं में रुचि रखने वाले लोग एकत्रित हुए और उन्होंने चंद्र ग्रहण के नजारे को देखा।

 

स्कूली छात्रों का कहना था कि यह बहुत यादगार अनुभव रहा। चंद्रमा को अंधियारी छाया में प्रवेश करते देखा। चंद्र ग्रहण का अधिकतम काल रात 8 बजकर एक मिनट 50 सेकेंड पर था। इसकी शुरूआत 5.02 मिनट पर हुई और रात 11.02 बजे समाप्त हुआ। साइंस पॉपुलराइजेशन एसोसिएशन आफ कम्युनिकेटर्स एंड एजुकेटर्स के सी बी देवगन ने कहा कि जब सूर्य, पृथ्वी और चंद्रमा एक सीध में होते हैं तभी चंद्र ग्रहण होता है। (एजेंसी)

First Published: Sunday, December 11, 2011, 08:41

comments powered by Disqus