‘एलियन को पृथ्वी के बारे में बताना बुद्धिमानी नहीं’

‘एलियन को पृथ्वी के बारे में बताना बुद्धिमानी नहीं’

बीजिंग : नोबेल पुरस्कार से सम्मानित वैज्ञानिक ब्रायन पी श्मिइत ने चेतावनी दी है कि एलियन के साथ किसी मुठभेड़ के नतीजे हमारे लिए अच्छे नहीं होंगे और अपने ठिकाने के बारे में उन्हें बताना बुद्धिमानी नहीं होगी।

वर्ष 2011 के भौतिकी के नोबेल पुरस्कार विजेता श्मिइत ने अंतरराष्ट्रीय खगोल विज्ञान यूनियन के 28 वें सम्मेलन में यहां कहा, मुझे लगता है कि एलियन को यह बताने में बुद्धिमानी नहीं होगी कि हम कहां रहते हैं क्योंकि उनके साथ किसी भी तरह के मुठभेड़ का नतीजा सुखद नहीं होगा।

उन्होंने कहा, एलियन ऐसी चीज नहीं हो सकते हैं जिनके बारे में हमें चिंता करने की जरूरत है। वे बहुत-बहुत दूर होंगे और उन्हें ब्रह्मांड में एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने में इतना वक्त लगेगा कि उनसे कोई समस्या नहीं होगी। लेकिन ऐसा होने पर ही ऐसा होगा। ब्रह्मांड के फैलने के बारे में साक्ष्य देने को लेकर श्मिइत को साउल पर्लमुटर और एडम रीइस के साथ 2011 का भौतिकी का नोबेल पुरस्कार मिला था। इस खोज से पहले आमतौर पर यह माना जाता था कि ब्रह्मांड के प्रसार की गति धीमी पड़ रही है।

गौरतलब है कि दुनिया के सबसे प्रसिद्ध सैद्धांतिक भौतिकविज्ञानी स्टीफन हॉकिंग ने कहा था कि मानव को दूसरे ग्रहों पर मौजूद जीवन के बारे में अत्यधिक सावधान रहना चाहिए और एलियन के साथ संपर्क साधना जोखिम भरा होगा। श्मिइत ने हॉकिंग की बातों से सहमति जताई और कहा कि मानव के पास चिंता करने के लिए कई चीजें हैं।

उन्होंने कहा, सचाई यह है कि सूरज करीब चार अरब साल में हमारा साथ छोड़ने जा रहा है और अत्यधिक गर्म होने जा रहा है। इसलिए भविष्य में करीब 80 करोड़ साल बाद हमें इसका सामना करने के बारे में सोचने की जरूरत पड़ेगी। (एजेंसी)

First Published: Monday, August 27, 2012, 08:43

comments powered by Disqus