गार्डन, यामनाका को चिकित्सा के क्षेत्र में नोबेल

गार्डन, यामनाका को चिकित्सा के क्षेत्र में नोबेल

स्टॉकहोम : जापानी अनुसंधानकर्ता शिन्या यामनाका और ब्रिटेन के जॉन गार्डन को सोमवार को संयुक्त रूप से चिकित्सा के नोबेल पुरस्कार के लिए चुना गया।

दोनों को शरीर की विशेष कोशिकाओं को ऐसी ब्लैंक कोशिकाओं में बदलने के लिए नोबेल मिला है जिन्हें अपनी इच्छानुसार किसी भी प्रकार की कोशिका में बदला जा सकता है।

स्टॉकहोम के कारोलिंस्का इंस्टीट्यूट की पुरस्कार समिति ने इसकी घोषणा करते हुए कहा है कि इस खोज ने ‘कोशिकाओं और प्राणियों के विकास की हमारी समझ में क्रांति ला दी है।’

समिति ने कहा, गॉर्डन और यामनाका की खोजों ने दिखाया है कि कुछ परिस्थितियों में विशेष कोशिकाएं विकास के चक्के को पीछे की ओर घुमा सकती हैं।

उसका कहना है, इन खोजों ने पूरे विश्व में वैज्ञानिकों को नए उपकरण मुहैया कराए हैं और इससे चिकित्सा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।

चिकित्सा के क्षेत्र में नोबेल की घोषणा इस वर्ष की पहली घोषणा है। भौतिक विज्ञान के पुरस्कार की घोषणा मंगलवार को, रसायन शास्त्र के नोबेल पुरस्कार को घोषणा बुधवार को, साहित्य की बृहस्पतिवार को और शांति के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार की घोषणा शुक्रवार को की जाएगी।

अर्थशास्त्र के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार वर्ष 1968 में स्वीडिश सेन्ट्रल बैंक द्वारा शुरू किए गए। इनकी घोषणा 15 अक्तूबर को की जाएगी। पुरस्कार 10 दिसंबर को दिए जाएंगे। (एजेंसी)

First Published: Monday, October 8, 2012, 17:21

comments powered by Disqus