Last Updated: Friday, June 21, 2013, 10:36

मुंबई : दुनिया की सबसे बड़ी सर्च इंजन गूगल ने बाढ़ जैसी आपदा के हालातों से प्रभावित इलाकों में लापता हुए लोगों के बारे में सूचना देने के लिए एक एप्लिकेशन पेश किया है। गूगल के इस एप्लिकेशन का नाम है - पर्सन फाइंडर। गूगल ने एक ब्लॉग पोस्ट में कहा कि गूगल पर्सन फाइंडर एक ऐसी वेब एप्लिकेशन है जहां पर लोग आपदा प्रभावित लोगों की स्थिति पोस्ट करने और उन्हें तलाशने में मदद कर सकते हैं।
उत्तराखंड में बारिश और बाढ़ से प्रभावित लोगों का पता लगाने के लिए इस ऐप्लिकेशन का एड्रेस है : http://google.org/personfinder/2013-uttrakhand-floods। कंपनी की ओर से कहा गया, `बीते सप्ताह से उत्तराखंड राज्य भीषण बाढ़ का सामना कर रहा है। इस राज्य में ज्यादातर इलाके पहुंच से बाहर हो गए हैं। इसको ध्यान में रखते हुए गूगल क्राइसेस टीम ने पर्सन फाइंडर ऐप्लिकेशन पेश किया है।`
कंपनी ने कहा कि इस टूल की मदद से उत्तराखंड के बाढ़ प्रभावित इलाकों में लापता लोगों का पता लगाया जा सकता है और यह एप्लिकेशन हिंदी और अंग्रेजी दोनों ही भाषाओं में उपलब्ध है। गूगल पर्सन फाइंडर में जो भी आंकड़े डाले जाएंगे, वे हर किसी को उपलब्ध होंगे और उन्हें कोई भी देख सकता है। इसके जरिए न्यूज एजेंसियां, गैर-सरकारी संगठन और अन्य संगठन जानकारी जोड़ने में मदद कर सकते हैं। (एजेंसी)
First Published: Friday, June 21, 2013, 09:50