Last Updated: Tuesday, January 29, 2013, 09:09

नई दिल्ली : एक विश्व अनुसंधान दल ने चने की 90 प्रजातियों की जीन प्रणाली के रहस्य को खोज निकाला है, जिसके कारण चने की पैदावार में बढ़ोत्तरी होगी और ऐसा चना विकसित किया जा सकेगा जो रोगों और सूखे से लड़ने में सक्षम होगा। उल्लेखनीय है कि इस अनुसंधान के बारे में बायो प्रौद्योगिकी की एक प्रतिष्ठित पत्रिका `नेचर बायोटेक्नालॉजी` के 27 जनवरी, 2013 के अंक में लिखा गया है। इस अनुसंधान में भारत सहित 10 देशों के 23 संगठनों से संबंधित 49 वैज्ञानिकों ने हिस्सा लिया।
विश्व में सबसे ज्यादा पैदा होने वाली फसलों में चना दूसरे स्थान पर है और लगभग 1.15 करोड़ हेक्टेयर भूमि में इसकी खेती की जाती है। इसकी फसल ज्यादातर गरीब किसान करते हैं और इसे सूखे इलाकों में बोया जाता है। भारत चने का सबसे बड़ा उत्पादक देश है, लेकिन इथियोपिया, तंजानिया, केन्या, आस्ट्रेलिया, कनाडा और अमेरिका में भी इसकी पैदावार होती है। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, January 29, 2013, 09:09