Last Updated: Saturday, November 10, 2012, 21:44

बीजिंग : अंतरिक्ष में रूसी केंद्र मीर की होड़ में बनाए जा रहे अंतरिक्ष स्टेशन में प्रयोग करने के लिहाज से चीन अगले साल जून में एक पखवाड़े के लिए एक और मानव सहित अंतरिक्षयान भेजने की योजना बना रहा है जिसमें एक महिला अंतरिक्षयात्री भी शामिल होगी।
चीन के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम के उप कमांडर-इन-चीफ निउ हांगुआंग ने कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चीन के 18वें राष्ट्रीय कांग्रेस से इतर कहा कि शेंझोउ-9 मिशन की तरह शेंझोउ-10 मिशन के चालक दल में दो पुरुष और एक महिला अंतरिक्षयात्री शामिल हो सकते हैं। वे तियांगांग-1 अंतरिक्ष प्रयोगशाला के मॉड्यूल में प्रवेश करेंगे।
सरकारी चाइना रेडियो इंटरनेशनल ने निउ के हवाले से कहा,‘वे 15 दिन तक अंतरिक्ष में रहेंगे।’ 2013 की शुरुआत में चालक दल का चयन शुरू हो जाएगा।
शेंझोउ-10 धरती की कक्षा में चक्कर लगा रहे तियांगांग-1 के लिए सामान ले जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रयोगों में अंतरिक्ष में रहने और काम करने की अंतरिक्षयात्रियों की क्षमता का पता लगाया जाएगा और प्रयोगशाला के मॉड्यूल का भी कामकाज देखा जाएगा।
निउ ने कहा, ‘उक्त मिशन की सफलता चीन द्वारा एक अंतरिक्ष प्रयोगशाला और एक अंतरिक्ष केंद्र बनाने में कारगर हो सकती है।’ तियांगांग-1 को सितंबर, 2011 में अंतरिक्ष में भेजा गया था।
चीन ने मानव सहित अंतरिक्ष कार्यक्रम की शुरुआत 1992 में की थी। (एजेंसी)
First Published: Saturday, November 10, 2012, 21:44