Last Updated: Wednesday, February 15, 2012, 06:42
पेरिस : पक्षी वैज्ञानिकों ने एक ऐसी चिड़िया का पता लगाया है जिसका वजन तो महज दो चम्मच चीनी के बराबर है लेकिन वह 29,000 किलोमीटर की लंबी दूरी भी बड़ी आसानी से तय कर लेती है। वैज्ञानिकों का दावा है कि गाने वाली यह नन्हीं सी चिड़िया आर्कटिक से अफ्रीका और फिर अफ्रीका से आर्कटिक तक का सफर बड़े आराम से पूरा करती है।
दरअसल गहरे पीले और सफेद रंग की यह चिड़िया ऐसी गोरैया के आकार की है जिसे पूरा पोषण नहीं मिला हो। जीव विज्ञानी भी इस चिड़िया की उड़ान क्षमता जानकर हैरत में हैं। इस नन्हीं चिड़िया की उड़ान क्षमता का पता लगाने के मकसद से वैज्ञानिकों ने उसके दोनों पांव में 1.2 ग्राम वजन के दो छोटे-छोटे ‘जिओलोकेटर’ लगाए। वैज्ञानिकों ने यह काम अलास्का और उत्तर-पूर्वी कनाडा के बैफिनी आइलैंड में किया।
अलास्का के इन पक्षियों ने 14,500 किलोमीटर का सफर तय कर घर वापसी से पहले अफ्रीका में सर्दी बितायी। इन पक्षियों ने 290 किलोमीटर रोजाना की दर से उड़ान भरी। उन्होंने साइबेरिया और अरब के मरुस्थल के ऊपर भी उड़ान भरी।
(एजेंसी)
First Published: Wednesday, February 15, 2012, 12:12