भारतीय नौजवानों ने अंटार्कटिक पर लहराया तिरंगा

भारतीय नौजवानों ने अंटार्कटिक पर लहराया तिरंगा

नई दिल्ली : पृथ्वी को बचाने के संदेश के साथ अंटार्कटिक की यात्रा के लिए गए एक वैश्विक अभियान में शामिल भारतीय नौजवानों के एक समूह ने इस ‘श्वेत महाद्वीप’ में तिरंगा लहराने में कामयाबी हासिल की है । अंटार्कटिक में तिरंगा लहराने से उत्साहित भारतीय नौजवानों ने वहां ‘जेंटू पेंग्विन’ के साथ खेल खेला और ‘लेपर्ड सील’ का दीदार किया।

समूह की सदस्य सोनल असगोत्रा ने एक संदेश के जरिए बताया, ‘‘यह सरजमीं एक परीकथा की तरह नजर आती है। शोरगुल, प्रदूषण और इंसानी दुनिया की मारामारी से दूर यहां दिल को सुकून देने वाली एक सफेद शांति है।’’ चंडीगढ़ में तकनीकी विश्लेषक के तौर पर काम करने वाली सोनल उन चंद भारतीय नागरिकों में से हैं जिन्हें दुनिया के अन्य भागीदारों के साथ इस वैश्विक अभियान में शामिल होने का मौका मिला। इस अभियान की अगुवाई ब्रिटिश धुव्रीय खोजकर्ता रॉबर्ट स्वान कर रहे हैं।

स्वान ने कहा, ‘‘आप फिर कभी पुराने अंदाज में नक्शा नहीं देखेंगे..एमंडसन और शेकेलटन जैसे महान खोजकर्ताओं ने कई साल पहले हमारे लिए और खोज करने वाले दूसरे लोगों के लिए इसकी नींव डाली थी । और आप वैसा ही करने जा रहे हैं।’’ (एजेंसी)

First Published: Sunday, March 10, 2013, 12:45

comments powered by Disqus