Last Updated: Friday, March 29, 2013, 11:37
वाशिंगटन : एक अध्ययन में दावा किया गया है कि वैज्ञानिकों को 30 से 40 हजार साल पहले उत्तरी इटली में रहने वाले एक ऐसे मानव का कंकाल मिला है जिसकी मां संभवत: निअंडरथल और पिता आधुनिक मनुष्य था।
यदि आधुनिक मनुष्य और निअंडरथल की पहली ज्ञात संतान संबंधी यह बात सत्य साबित होती है तो यह इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण होगा कि मनुष्य और निअंडरथल की संतानें भी थीं। निअंडरथल और आधुनिक मनुष्य यूरोप में साथ रहा करते थे।
‘डिस्कवरी न्यूज’ के अनुसार इससे पहले किए गए उत्पत्ति संबंधी अध्ययनों ने बताया था कि यूरोपियाई और एशियाई पुरखों के डीएनए में से एक से चार प्रतिशत निअंडरथल थे। यह कंकाल इटली के मोंटी लेसिनी क्षेत्र से मिला है जिसके अध्ययन में अनुसंधानकर्ताओं ने जबड़े पर ध्यान केंद्रित किया है।
अध्ययन की सह लेखिका एई-मैरशीले विश्वविद्यालय की सिल्वाना कोंडेमी ने कहा कि निचले जबड़े की आकृति देखने से पता चलता है कि यह मानव काफी हद तक निअंडरथल और आधुनिक मनुष्य दोनों से मेल खाता होगा। निअंडरथल का निचला जबड़ा (बिना ठोढी) छोटा होता था जबकि आधुनिक मनुष्य की ठोढ़ी विकसित और निचला जबड़ा आगे की ओर निकला होता है।
कंकाल का माइटोकोंड्रियल डीएनए निअंडरथल है। यह डीएनए मां से बच्चे को मिलता है। इसी से अनुसंधानकर्ताओं ने निष्कर्ष निकाला कि इसकी मां निअंडरथल थी जबकि पिता आधुनिक मनुष्य था। अनुसंधानकर्ताओं ने पाया कि हालांकि इन दोनों प्रजातियों की आपसी संतानें थी लेकिन निअंडरलैंड ने अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को अपनाए रखा। यह अध्ययन पीएलओस वन पत्रिका में प्रकाशित हुआ। (एजेंसी)
First Published: Friday, March 29, 2013, 11:37