मानवरहित अंतरिक्ष यान का चीन में प्रक्षेपण - Zee News हिंदी

मानवरहित अंतरिक्ष यान का चीन में प्रक्षेपण

बीजिंग : चीन ने अपना अंतरिक्ष स्टेशन बनाने के मकसद से मंगलवार को अंतरिक्ष में ठहरने वाला पहला मानवरहित अंतरिक्ष यान प्रक्षेपित किया। चीन की योजना 2020 तक अपना अंतरिक्ष स्टेशन बनाने की है। मौजूदा अंतरिक्ष स्टेशन ‘मीर’ का संचालन रूस और अमेरिका द्वारा किया जाता है।

 

चीन के मानवयुक्त अंतरिक्ष कार्यक्रम के कमांडर इन चीफ चांग वांनक्वान ने मानवरहित अंतरिक्ष यान शेनझोउ-8 के सफलतापूर्वक प्रक्षेपण की घोषणा की। यान को गोबी मरुस्थल में स्थित जियूकन उपग्रह प्रक्षेपण केंद्र से मंगलवार सुबह प्रक्षेपित किया गया।

 

इस यान को मार्च-2एफ राकेट के जरिए निर्धारित कक्षा में पहुंचाया गया। शेनझोउ-8 और 29 सितंबर को प्रक्षेपित किए गए तियानगोंग-1 अथवा ‘दिव्य महल’ की ओर बढ़ रहा है। उम्मीद है कि शेनझोउ-8 अगले दो दिन में तियानगोंग-1 से जुड़ जाएगा। यदि यह अभियान सफल रहा तो करीब 2020 तक चीन के स्थायी अंतरिक्ष स्टेशन संचालन का रास्ता खुल जाएगा।

 

इसके साथ ऐसा करने वाला चीन, अमेरिका और रूस के बाद विश्व का तीसरा देश बन जाएगा। यह मीर के बाद विश्व का दूसरा अंतरिक्ष प्रयोगशाला होगा। मीर को 2001 में रूस द्वारा प्रक्षेपित किया गया था। शेनझोउ-8 पृथ्वी की सतह से करीब 343 किलोमीटर की उंचाई पर जुड़ेगा। यह जुड़ने के दो परीक्षण करने के बाद वापस पृथ्वी पर आ जाएगा।

 

चीन के मानवयुक्त अंतरिक्ष कार्यक्रम की प्रवक्ता वू पिंग ने बताया कि चीन और जर्मनी के वैज्ञानिक शेनझोउ-8 अंतरिक्ष यान में जीव विज्ञान से जुड़े 17 परीक्षण करेंगे। मिशन को सफल बनाने के लिए चीन के अंतरिक्ष इंजीनियरों ने शेनझोउ-8 के पूर्व संस्करण में कुछ महत्वपूर्ण सुधार किए हैं। शेनझोउ-8 की लंबाई नौ मीटर और अधिकतम व्यास 2.8 मीटर है। यह 8.802 टन वजन उठा सकता है। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, November 1, 2011, 13:17

comments powered by Disqus