Last Updated: Friday, April 12, 2013, 21:49

जेरुशलम : इजरायल की एक जैव-प्रौद्योगिकी कंपनी ने शरीर के अतिरिक्त वसा को नई हड्डियों में बदलने का तरीका इजाद करने का दावा किया है। इसे क्षतिग्रस्त हड्डियों के ढांचे की जगह स्थापित किया जा सकेगा।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक नए नतीजों के साथ उत्तरी इजरायल के हैफा शहर स्थित बोनस जैवप्रौद्योगिकी समूह दुनियाभर में हड्डियों की कमजोरी (ऑस्टियोपोरोसिस), हड्डी में संक्रमण और दुर्घटना आदि के चलते हड़्डी से जुड़ी विभिन्न बीमारियों से पीड़ित लाखों लोगों की मदद करेगा।
बोनस जैव प्रौद्योगिकी समूह के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी शै मेरेत्जकि ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जीवित वयस्क कोशिकाओं का टिकठी (स्कैफल्ड) के अंदर उपयोग कर और शरीर की हालत का स्वरूप लेकर, कोशिकाएं ढांचे को दो-तीन महीनों में भर लेती हैं। इससे मरीज हड्डी प्रत्यारोपण को तैयार होता है। और उसका शरीर प्रत्यारोपण को अस्वीकार नहीं करेगा। क्योंकि ये कोशिकाएं उसके अपने शरीर से ली जाएंगी। मेरेत्जकि ने हंसते हुए बताया कि हम मरीज के पेट पर एक छोटा `लिपोसक्शन` (सर्जरी प्रक्रिया-जिसमें वसायुक्त ऊतकों को हटाया जाता है) करते हैं, और इन कोशिकाओं को नए हड्डियों में रूपांतरित कर देते हैं। कई मरीज लिपोसक्शन के लिए हमें लगातार प्रोत्साहित करते हैं।
मेरेत्जकि और उनकी टीम ने अभी केवल चूहों पर शोध किया है लेकिन इंसानों पर इसका परीक्षण जल्द किया जाएगा। उन्हें उम्मीद है कि उनकी तकनीक तीन वर्षो से कम में हर एक के लिए उपलब्ध होगी। (एजेंसी)
First Published: Friday, April 12, 2013, 21:49