सबसे छोटी मैमथ के अवशेष मिले - Zee News हिंदी

सबसे छोटी मैमथ के अवशेष मिले



वाशिंगटन : वैज्ञानिकों का मानना है कि खुदाई के दौरान उन्हें विश्व के सबसे छोटे ज्ञात मैमथ का अवशेष मिला है। इस मैमथ की ऊंचाई करीब एक मीटर बताई जा रही है। माना जाता है कि यह हजारों वषरें पहले ग्रीक आइलैंड क्रेते पर विचरण करते थे। रॉयल सोसाइटी के जर्नल में इस संबंध में लेख प्रकाशित हुआ है। वैज्ञानिकों का कहना है कि इससे पता लगता है कि विकास के क्रम में कैसे विशालकाय जीव छोटे आकार में तब्दील हो जाते हैं।

 

उन्होंने बताया कि जीवों में से डायनासोर सहित बड़े जीवों की जातियों में बौनापन प्राय: तब देखने को मिलता है जब वे किसी द्वीप पर फंस जाते हैं। यह उन्‍हें सीमित संसाधनों के बीच जीवित रहने में मदद करता है। लाइव साइंस के मुताबिक अध्ययन शोधकर्ता विक्टोरिया हेरिज का कहना है कि इन विशालकाय हाथियों को लेकर बड़ा प्रश्न यह है कि ये इतने विशाल आकार वाले जीव इतने छोटे कैसे हो सकते हैं। विक्टोरिया हेरिज लंदन के नेचुरल हिस्ट्री म्यूजियम :प्राकृतिक ऐतिहासिक संग्राहलय: में वर्टीब्रेट पेलिओन्टोलॉजिस्ट हैं।

 

अध्ययन के दौरान हेरिज और उनके साथियों ने पाया कि बौने जीवों के अवशेष सबसे पहले लगभग एक सदी पूर्व क्रेते (माना जाता यह द्वीप ग्रीक देवता जीअस का जन्मस्थान है) में मिले थे । पैलिओन्टोलॉजिस्ट में इस बात पर विवाद है कि यह अवशेष टेढ़े दांतों वाले मैमथ के हैं या सीधे दांतों वाले हाथियों के।

(एजेंसी)

First Published: Thursday, May 10, 2012, 17:17

comments powered by Disqus