सुनीता,अकीहिको ने अंतरिक्ष स्टेशन में कूलन्ट का रिसाव रोका

सुनीता,अकीहिको ने अंतरिक्ष स्टेशन में कूलन्ट का रिसाव रोका

ह्यूस्टन: नासा की, भारतीय मूल की अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और उनके एक अन्य सहयोगी ने आज अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के कूलिंग सिस्टम से अमोनिया का रिसाव रोका।

पृथ्वी की कक्षा की इस प्रयोगशाला के बाहर छह घंटे के अभियान का मुख्य उद्देश्य कूलंट सिस्टम का रिसाव रोकना था जो पूरा हो गया।

सुनीता और जापानी अंतरिक्ष यात्री अकीहिको होशिदे कल अंतरराष्ट्रीय समयानुसार 12 बज कर 29 मिनट पर अंतरिक्ष स्टेशन से बाहर निकले और करीब पांच घंटे की मेहनत के बाद उन्होंने कूलन्ट की कुछ पंक्तियों को दुरूस्त किया। उन्होंने वहां एक अतिरिक्त रेडियेटर लगाया जो रिसाव को अलग करता है।

एजेंसी के ह्यूस्टन स्थित जॉन्सन स्पेस सेंटर के अंतरिक्ष यात्री माइक फिन्के ने अंतरराष्ट्रीय समयानुसार 17 बज कर 41 मिनट पर कहा ‘सुनी और अकी, आप दोनों को हार्दिक बधाई।’

इस पर सुनीता ने जवाब दिया ‘हमने वह सभी काम कर दिये जिनके लिए आज हम बाहर निकले थे। इस काम में पृथ्वी से हमें सहयोग करने के लिए धन्यवाद।’ माइक ह्यूस्टन स्थित केंद्र से अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरिक्ष में चहलकदमी करने में मदद कर रहे थे।

अंतरिक्ष स्टेशन के आठ विशाल सौर पैनलों में से प्रत्येक की अपनी समन्वित उर्जा प्रणाली है और उसमें प्रवाहित होती अमोनिया से पैनलों को ठंडा रखने में मदद मिलती है। नासा और अंतरिक्ष केंद्र में बैठे अंतरिक्ष यात्रियों ने अमोनिया का रिसाव पहली बार 2007 में देखा था। इस रिसाव को अगर न रोका जाता तो यह किसी एक उर्जा चैनल को प्रभावित कर सकता था। (एजेंसी)



First Published: Friday, November 2, 2012, 12:57

comments powered by Disqus