Last Updated: Monday, January 28, 2013, 10:06

न्यूयॉर्क : नासा की एक अंतरिक्ष दूरदर्शी से सूर्य के बाहरी वातावरण में बहुत गर्म तत्व की ‘चुंबकीय परतें’ देखी गयीं हैं। वैज्ञानिकों का दावा है कि इससे सूरज के रहस्यमयी गर्म वातावरण के बारे में विस्तार से जानकारी मिल सकती है।
वैज्ञानिकों का कहना है कि नासा की उच्च रिजॉल्यूशन वाली कोरोनल इमेजर या हाई-सी द्वारा की गयी यह खोज अंतरिक्ष के मौसम के बारे में और अच्छी तरह पूर्वानुमान लगाने में मदद कर सकती है।
नासा के मार्शल स्पेस फ्लाइट सेंटर में सौर अंतरिक्षविज्ञानी जोनाथन किरटेन और उनके दल ने पिछले साल जुलाई में 9.5 इंच की दूरदर्शी को पृथ्वी के वातावरण से परे 10 मिनट की उड़ान पर सूर्य के गर्म क्षेत्र का अध्ययन करने के लिए भेजा था। यह क्षेत्र लाखों डिग्री सेल्सियस वाला सूर्य का बाहरी क्षेत्र है। एक वेबसाइट के अनुसार दूरदर्शी की मदद से 165 तस्वीरें खींचीं गयीं।
वैज्ञानिकों ने हाल ही में पता लगाया था कि सूर्य की सतह से नीचे शक्तिशाली चुंबकीय तरंगें सूर्य के बाहरी क्षेत्र को 15 लाख डिग्री सेल्सियस तक गर्म कर सकती हैं। हालांकि केवल इससे सूर्य के बाहरी क्षेत्र के अत्यधिक तापमान का पता नहीं चलेगा। इस बारे में जानकारी ‘नेचर’ पत्रिका में प्रकाशित की गयी है। (एजेंसी)
First Published: Monday, January 28, 2013, 10:06