Last Updated: Monday, January 23, 2012, 08:10
इस्लामाबाद : पाकिस्तानी राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी की मीडिया सलाहकार और अमेरिका में पाकिस्तान के पूर्व राजदूत हुसैन हक्कानी की पत्नी, फरहानाज इसपाहानी ने कहा है कि उन्होंने इसलिए देश छोड़ा है क्योंकि उन्हें आशंका थी कि आईएसआई उनका अपहरण करवा लेगी।
जियो न्यूज' द्वारा लंदन से जारी रिपोर्ट के अनुसार, देश छोड़कर वाशिंगटन चली गईं इसपाहानी ने कहा है कि उन्हें डर था कि जरदारी को गुप्त संदेश मामले में फंसाने के लिए उनके पति से जबरन बातें मनवाने के लिए उन्हें (इसपाहानी को) अगवा किया जा सकता है। वाशिंगटन भेजे गुप्त संदेश का मामला सामने आने के बाद से पाकिस्तान में भारी तनाव है। दावा किया गया है कि उक्त संदेश में जरदारी ने पिछले वर्ष दो मई को अलकायदा सरगना ओसामा बिन लादेन के मारे जाने के बाद सैन्य तख्तापलट की आशंका जाहिर की थी।
इसपाहानी ने लेखिका क्रिस्टिना लैम्ब को बताया है कि हक्कानी की संलिप्तता वाला गुप्त संदेश का मामला झूठा है। लैम्ब ने इसपाहानी के इस बयान को 'संडे टाइम्स' में प्रकाशित अपने लेख में शामिल किया है। लेख में कहा गया है कि हक्कानी की जान खतरे में है और इसपाहानी इस भय से वाशिंगटन चली गई हैं कि आईएसआई उनका अपहरण कर सकती है, ताकि उनके पति पर दबाव बनाकर एक कुबूलनामे पर हस्ताक्षर करावाए जा सके और जरदारी को फंसाया जा सके।
'द संडे टाइम्स' में इसपाहानी के हवाले से कहा गया है, हम देख रहे हैं कि जो भी कोई सैन्यीकृत इस्लामी देश की व्यवस्था का विरोध करता है, पश्चिम के साथ सकारात्मक सम्बंधों की वकालत करता है या सहिष्णुता की बात करता है, उसे सुनियोजित तरीके से या तो चुप कर दिया जा रहा है या उसकी हत्या कर दी जाती है। इसपाहानी ने कहा है कि मैं भयभीत हूं। सरकार तक खुद को नहीं बचा सकती।
(एजेंसी)
First Published: Monday, January 23, 2012, 17:01