अंटालिया हमारा इकलौता घर है: नीता - Zee News हिंदी

अंटालिया हमारा इकलौता घर है: नीता

न्यूयॉर्क : अरबपति भारतीय उद्योगपति मुकेश अंबानी की पत्नी नीता अंबानी ने मुंबई स्थित 27 मंजिला घर ‘अंटालिया’ को ‘हिंदुस्तानी दिल से लैस आधुनिक आशियाना’ और ‘विश्व में हमारा इकलौता घर’ करार दिया है।

 

अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस चार लाख वर्ग फुट वाले अंबानी के इस महल और उसकी विषयवस्तु के दीवाने न केवल भारत में बल्कि विदेशों में भी हैं। पिछले साल नवंबर में वैनेटी फेयर पत्रिका ने नीता अंबानी का साक्षात्कार लिया था और अपने जून के संस्करण में अंटालिया के अंदर की कुछ तस्वीरों को प्रकाशित करेगी। वास्तुशास्त्र के मुताबिक नहीं होने की वजह से अंबानी परिवार के अपने घर में नहीं जाने के अटकलों के विपरीत नीता ने कहा कि वे पिछले साल सितंबर महीने में अपने घर में चले गए थे और मीडिया की कुछ रिपोर्टों में उनके घर को ‘बढ़ा चढ़ाकर’ पेश किया गया।

 

अपने लेख ‘द टॉक ऑफ मुंबई’ में नीता ने लिखा, ‘यह पहली बार है जब मैं अपने घर के बारे में बात कर रही हूं। मैं कहूंगी कि मीडिया ने इस संबंध में बढ़ा-चढ़ाकर रिपोर्ट दी थी।’ उन्होंने कहा, ‘हम दो महीने इस घर में प्रवेश कर गए थे और तब यह चारों तरफ कहा जा रहा था कि हम नहीं गए हैं। हिंदुस्तानी दिल से लैस यह आधुनिक घर है। पूरे विश्व में यह हमारा इकलौता घर है।’

 

नीता ने कहा कि यह पूरा घर सूर्य और कमल की विषयवस्तु पर आधारित है। इमारत में सूर्य और कमल का आकार बनाने के लिए उत्कृष्ट सामानों जैसे दुर्लभ लकड़ी, संगमरमर और क्रिस्टल का इस्तेमाल किया गया है। (एजेंसी)

First Published: Thursday, May 17, 2012, 17:45

comments powered by Disqus