अगवा पोत के साथ 23 भारतीय नाविक मुक्त

अगवा पोत के साथ 23 भारतीय नाविक मुक्त

मुंबई/आबूजा : जहाजरानी महानिदेशालय (डीजीएस) के एक शीर्ष अधिकारी ने बुधवार देर शाम बताया कि नाइजीरिया के तट पर संदिग्ध समुद्री डाकुओं द्वारा कब्जा कर लिये गये तेल टैंकर और उसके सभी 23 नाविकों को नाइजीरिया की नौसेना के हस्तक्षेप के बाद मुक्त करा लिया गया है।

उन्होंने बताया कि नाइजीरियाई नौसैनिकों ने दक्षिणी नाइजीरिया में गिनी की खाड़ी में आज अगवा सिंगापुर के स्वामित्व वाले तेल टैंकर ‘अबूधाबी स्टार’ का पता लगा लिया। इसके बाद नौसैना के अधिकारी जहाज पर गए और इस संकट का खात्मा हो गया।

गिनी की खाड़ी में पिछले दो हफ्तों के दौरान समुद्री डाकुओं के इस तरह के तीसरे हमले में कल समुद्री डाकुओं ने सिंगापुर के स्वामित्व वाले टैंकर ‘एमटी अबू धाबी स्टार’ पर कब्जा कर लिया था। नाइजीरिया की नौसेना के प्रवक्ता ने बताया कि टैंकर को देश के सबसे बड़े बंदरगाह लागोस लाया जा रहा है।

अधिकारी ने कहा, ‘संभवत: समुद्री डाकू नौसेना का जहाज देखकर फरार हो गए।’ उन्होंने कहा कि किसी डाकू के हिरासत में लिए जाने या गिरफ्तार किए जाने की कोई खबर नहीं है। उन्होंने कहा कि यह अपहरण 24 घंटे से कम समय तक चला और पूरा चालक दल सुरक्षित है। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, September 5, 2012, 23:25

comments powered by Disqus