'अफगान युद्ध जीतने के करीब अमेरिका' - Zee News हिंदी

'अफगान युद्ध जीतने के करीब अमेरिका'




फोब शराना (अफगानिस्तान) : अमेरिकी रक्षामंत्री लियोन पेनेटा ने अपने अफगानिस्तान दौरे पर सैनिकों से कहा कि अमेरिका इस युद्धरत देश में पिछले 10 साल से चल रही लड़ाई जीतने वाला है।

 

पेनेटा ने पक्तिका प्रांत की शिविर में रह रहे अमेरिकी सैनिकों से कहा, हम सही दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं और इस बेहद कठिन युद्ध को जीत रहे हैं। इस प्रांत की सीमा तालिबान उग्रवाद से प्रभावित पाकिस्तान की सीमा से सबसे लंबी दूरी तक जुड़ी हुई है।

 

पेनेटा ने सैनिकों से बात करते हुए कहा, क्या वहां चुनौतियां हैं? आप बिल्कुल सही हैं, चुनौतियां हैं। क्या हम उन चुनौतियों से निबट सकेंगे? आप सही हैं हम ऐसा कर सकेंगे। उन्होंने कहा, अंतत: यहां अफगानिस्तान में हम एक ऐसा देश बनाने में सफल होंगे जो स्वयं प्रशासन चला सकेगा और अपनी सुरक्षा कर सकेगा।

 

हम यह सुनिश्चित करेंगे कि तालिबान कभी यहां अपने लिए सुरक्षित ठिकाना नहीं खोज सके। अल-कायदा कभी भी यहां अपने लिए कोई सुरक्षित स्थान नहीं खोज पाए। पेनेटा ने यह सभी बातें पाकिस्तान की सीमा पर स्थित ‘फॉरवर्ड ऑपरेटिंग बेस शराना’ में अमेरिकी सेना के 172 इंफैंट्री ब्रिगेड से बात करते हुए कहीं।
वह दो दिन के अफगानिस्तान दौरे पर आए हुए हैं।

 

इसके अलावा वर्ष 2014 तक सभी युद्धरत विदेशी सैनिकों के अफगानिस्तान से जाने के बारे में पेनेटा ने कहा कि वर्ष 2014 का अर्थ यह नहीं है कि इससे देश को अंतरराष्ट्रीय सहायता मिलनी बंद हो जाएगी। उन्होंने कहा, हम आराम से सामान बांध कर जाने वाले नहीं हैं। हमने यहां बहुत खून बहाया है।  (एजेंसी)

First Published: Wednesday, December 14, 2011, 19:15

comments powered by Disqus