अमेरिका का अहम साझेदार भारत: बेरा

अमेरिका का अहम साझेदार भारत: बेरा

वॉशिंगटन : अमेरिका में प्रतिनिधि सभा के लिए निर्वाचित भारतीय मूल के तीसरे अमेरिकी नागरिक आमी बेरा ने भारत को अमेरिका का महत्वपूर्ण कूटनीतिक साझेदार बताया है। निर्वाचित कांग्रेस सदस्य ने द वाल स्ट्रीट जर्नल से एक साक्षात्कार में कहा कि मैंने भारत की यात्रा की।

भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से है। यह अमेरिका का महत्वपूर्ण कूटनीतिक साझीदार है और दोनों देशों का कई क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर सहयोग का इतिहास रहा है। बेरा ने कहा कि नयी दिल्ली को वाशिंगटन के साथ अपने कूटनीतिक सहयोग को जारी रखना चाहिए और देश को अमेरिकी वस्तुओं और सेवाओं का बाजार बने रहना चाहिए।

भारत जैसे देशों को नौकरियां आउटसोर्स करने की बहस पर बेरा ने कहा कि कांग्रेस के सांसदों को पहले अमेरिका की मजबूती पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए, आर्थिक आधार को बहाल करना चाहिए और उद्योगों के विकास पर ध्यान देना चाहिए। 47 वर्षीय बेरा भारतीय मूल के तीसरे अमेरिकी नागरिक हैं जो अमेरिका की प्रतिनिधि सभा के लिए निर्वाचित हुए हैं। उनसे पहले 1950 में दलीप सिंह सौंध और 2005 में बॉबी जिंदल निर्वाचित हुए थे। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, November 20, 2012, 14:40

comments powered by Disqus