अमेरिका-पाक संबंध गंभीर मोड़ पर : केरी - Zee News हिंदी

अमेरिका-पाक संबंध गंभीर मोड़ पर : केरी

 

वाशिंगटन : अमेरिकी सीनेटर जॉन केरी का मानना है कि यह दौर पाकिस्तान अमेरिका के रिश्तों के लिए एक अहम मोड़ है और इस वक्त दोनों के संबंधों में एक जटिलता आ चुकी है। केरी पाकिस्तान में ओबामा प्रशासन के लिए संकट मोचक के रूप में जाने जाते हैं।

 

अमेरिका में नई भारतीय राजदूत निरुपमा राव के स्वागत के लिए आयोजित भोज समारोह में, पाक के बारे में पूछे जाने पर भारतीय संवाददाताओं से केरी ने कहा कि यह मामला बहुत गंभीर है। रिश्तों में एक तरह की जटिलता है। यह सवाल बीते सप्ताहांत में अफ-पाक सीमा पर नाटो की गोलीबारी में 24 पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने की घटना के संबंध में था।

 

इस घटना से पाक सरकार और पाकिस्तानी लोगों के मन में बहुत नाराजगी है, जिसके कारण पाक ने नाटो का आपूर्ति मार्ग भी बंद कर दिया है। इस मार्ग से अफगानिस्तान में तैनात नाटो के 140,000 अमेरिकी और अंतरराष्ट्रीय बलों के लिए रसद जाती थी। पाक ने अमेरिका को गुप्त शम्सी हवाई ठिकाने को भी छोड़ने के लिए कहा है। इस हवाई ठिकाने का प्रयोग अमेरिका ड्रोन हमलों के लिए करता है। पाक ने अफगानिस्तान में शांति बहाली को लेकर जर्मनी में अगले माह होने वाले ‘बॉन सम्मेलन’ में भी हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया है।

 

बॉन सम्मेलन में भी हिस्सा नहीं लेने के पाक के फैसले पर केरी ने कहा पाक का यह फैसला बहुत ही चिंताजनक है। पाक के साथ संबंध स्थापित करने के लिए व्हाइट हाउस केरी की कूटनीतिक कौशल पर भरोसा करता है। ओसामा बिन लादेन के मारे जाने के बाद और रेमंड डेविस मामले में भी केरी ने ही पाक जाकर दोनों देशों के संबंधों में आई खाई को पाटा था।

 

माना जाता है कि केरी के पाक के शीर्ष नेताओं के साथ मधुर संबंध हैं। बहरहाल, यह नहीं कहा जा सकता कि केरी अब क्या भूमिका निभाने वाले हैं पर ओबामा शासन के तीन सालों में दोनों देशों के बीच संबंध अभी सबसे बुरे दौर का सामना कर रहे हैं।

(एजेंसी)

First Published: Wednesday, November 30, 2011, 13:43

comments powered by Disqus